कुंभ मेले की गर्ल मोनालिसा भोसले ने मुस्लिम युवक से शादी की
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित पिछले कुंभ मेले के दौरान रुद्राक्ष की माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर चर्चित हुई इंदौर की मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं. मोनालिसा ने केरल के पूवर स्थित अरुमानूर के नैनार मंदिर में अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली है.
इस विवाह समारोह की खास बात यह रही कि इसमें केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, माकपा (CPM) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन और राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए.
मोनालिसा ने बताया कि उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और उन पर किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था.
सुरक्षा की गुहार लगाते हुए यह जोड़ा तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन भी पहुंचा, जहाँ उन्होंने आरोप लगाया कि मोनालिसा के पिता उन्हें जबरन इंदौर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे हैं.
उम्र को लेकर उठ रहे विवादों पर सफाई देते हुए मोनालिसा ने स्पष्ट किया कि वह 18 वर्ष की हैं और उनकी शादी का पंजीकरण कानूनी तौर पर हुआ है, जो नाबालिग होने की स्थिति में संभव नहीं होता. फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में केरल पहुंची मोनालिसा ने अब भविष्य में इसी राज्य में रहने की इच्छा जताई है.
उधर, निर्देशक सनोज मिश्रा (Sanoj Mishra) ने फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट लिखकर इस पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने अपनी पोस्ट का शीर्षक रखा- ‘ये बगावत नहीं, लव जिहाद है' पोस्ट में उन्होंने मोनालिसा के फैसले को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए और अपने साथ हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया.
सनोज मिश्रा ने लिखा कि महाकुंभ में वायरल होने के बाद मोनालिसा अचानक चर्चा में आई थीं. उस समय उन्हें उनकी सादगी और व्यक्तित्व ने काफी प्रभावित किया था.
उन्होंने बताया कि मोनालिसा की मासूमियत और सादगी देखकर उन्होंने तय किया था कि उन्हें ट्रेनिंग देकर फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करेंगे. इस फैसले का सबने दिल से स्वागत किया था.
हालांकि निर्देशक का दावा है कि उनके इस कदम से कुछ लोग नाराज हो गए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवा दिया.