कोरिया: शराबी पति ने पत्नी को पीटा, सिर मुंडकर जबरन पिलाया पेशाब
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं. आरोपी ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा, उसके सिर के बाल मूंड दिए और उसे जबरन अपना पेशाब पीने पर मजबूर किया. यह खौफनाक घटना रविवार को पांडोपारा गांव में घटी.
हालांकि, मामला तब उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर इस हैवानियत का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पीड़ित महिला (उम्र लगभग 35 वर्ष) ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसने आरोपी जितेंद्र घसिया के साथ प्रेम विवाह किया था. दोनों के चार बच्चे भी हैं. करीब एक साल पहले आरोपी पति ने उसके चरित्र पर शक करते हुए उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद से वह एक परिचित के घर रह रही थी.
रविवार को आरोपी अचानक वहां पहुंचा और उस पर जानलेवा हमला कर दिया. महिला का आरोप है कि पति ने उसके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की, कैंची और ब्लेड से उसका सिर मूंड दिया और जबरन अपने साथ-साथ एक बच्चे का पेशाब उसके मुंह में डाल दिया. इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे जिंदा जलाने की धमकी भी दी.
कोरिया जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि शुरुआत में पीड़िता ने लोकलाज और डर के मारे पूरी बात नहीं बताई थी.
लेकिन गुरुवार को जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पूरी सच्चाई सामने आई, तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई की.
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र घसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 (पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील कृत्य), 351(2) (अपराधिक धमकी) और धारा 123 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से नशीला या हानिकारक पदार्थ देना) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. AI Generated Symbolic Photo.