कोरिया: स्कूल बस की टक्कर से दूसरी की छात्रा प्रिंशी की मौत
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती के पास सड़क दुर्घटना में कक्षा दूसरी की मासूम छात्रा प्रिंशी की जान चली गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल बच्ची को सोनहत के अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस हृदयविदारक घटना के बाद से धनपुर बस्ती समेत पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे की जानकारी मिलते ही सोनहत पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की. दुर्घटना के बाद मौके से भाग निकले आरोपी बस चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच जारी है. प्रशासन ने शोकाकुल परिवार को मामले में निष्पक्ष और कड़ी वैधानिक कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाली प्रिंशी रोज की तरह सुबह अपने घर से पढ़ाई के लिए निकली थी. जैसे ही वह धनपुर बस्ती के करीब पहुंची, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कूल बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. बस के नीचे आने से बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं, जो अंततः उसके लिए जानलेवा साबित हुईं.