कोरबा: मानिकपुर खदान में निजी कंपनी के रवैये से आक्रोश, काम बंद की चेतावनी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एसईसीएल मानिकपुर खदान में कार्यरत निजी ठेका कंपनी 'विशाल कोयला ट्रांसपोर्ट' के खिलाफ स्थानीय भू-विस्थापित चालकों का गुस्सा फूट पड़ा है. एसईसीएल मानिकपुर प्रभावित ग्राम भू-विस्थापित समिति ने कंपनी पर चालकों के मानसिक व आर्थिक शोषण और स्थापित श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है.
समिति ने मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक और क्षेत्रीय श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है. साथ ही 5 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि मांगे पूरी न होने पर मानिकपुर खदान के भीतर परिवहन कार्य पूर्ण रूप से ठप कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा.
भू-विस्थापित समिति का सबसे बड़ा आरोप कोल इंडिया और एसईसीएल के वेज रेट नियमों की अनदेखी को लेकर है. समिति के अनुसार, खदान में काम करने वाले स्थानीय चालकों को नियमानुसार हाई पावर कमेटी (HPC) वेज रेट नहीं दिया जा रहा है, जो कि बंधुआ मजदूरी कराने की साजिश और श्रम अधिकारों का सीधा हनन है.
इसके अलावा, चालकों पर 10 रुपये के स्टाम्प पेपर के जरिए एक अवैध और दमनकारी एग्रीमेंट थोपा जा रहा है. एग्रीमेंट की शर्त के मुताबिक, HPC दर पाने के लिए प्रत्येक चालक से 1 लाख रुपये की सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे समिति ने सीधी अवैध वसूली करार दिया है.
इसके साथ ही, ठेका कंपनी द्वारा ड्राइवरों के मूल ड्राइविंग लाइसेंस अपने पास बंधक के रूप में जमा कराए जाने का भी विरोध हो रहा है. समिति ने इसे मोटर व्हीकल एक्ट और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है.
एग्रीमेंट में यह शर्त भी जोड़ी गई है कि गाड़ियों में सामान्य टूट-फूट होने पर बिना किसी निष्पक्ष जांच के नुकसान की राशि ड्राइवरों की सुरक्षा निधि से काट ली जाएगी. वहीं, परिचालन के लिए तय की गई डीजल की सीमा को भी पूरी तरह अवैज्ञानिक बताया गया है, जहां 4 से 6 लोड पर मात्र 12 से 14 लीटर डीजल दिया जा रहा है और अतिरिक्त खपत का खर्च वेतन से काटने की धमकी दी जा रही है.
स्थानीय संगठन की स्पष्ट मांग है कि ठेका कंपनी तुरंत इस दमनकारी एग्रीमेंट को रद्द करे, चालकों के जब्त मूल दस्तावेज लौटाए और सभी श्रमिकों को HPC वेज रेट के साथ नियमानुसार सुविधाएं प्रदान करे.
समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रबंधन द्वारा लिखित कदम नहीं उठाए गए, तो उत्पन्न होने वाली औद्योगिक अशांति और खदान बंद की पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन व संबंधित ठेका कंपनी की होगी.