कोरबा: सांसद ज्योत्सना महंत ने पटरियों पर बैठकर आंदोलन की दी चेतावनी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक केंद्र कोरबा क्षेत्र में पर्याप्त यात्री ट्रेनें चलाने और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर राजनीति गरमा गई है. क्षेत्रीय सांसद ज्योत्सना महंत ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि आम जनता की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जाता रहा, तो वे पटरियों पर बैठकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी.
सांसद का कहना है कि कोरबा जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से नई ट्रेनों और बेहतर सुविधाओं की बाट जोह रहे हैं. जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार भेजे जाने वाले पत्रों पर रेलवे अफसर कोई पारदर्शी कार्रवाई नहीं करते और कई बार ये पत्राचार अधिकारियों के स्तर पर ही ठंडे बस्ते में डाल दिए जाते हैं.
पसान रेल परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने यह आशंका भी जताई कि इस नए मार्ग का लाभ आम यात्रियों को मिलेगा या इसका इस्तेमाल महज माल ढुलाई के लिए किया जाएगा.
तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने क्षेत्र के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी बेबाक राय रखी.
जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के काम में हो रही देरी पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
वहीं झीरम घाटी कांड के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद फैसला तो आया है, लेकिन अभी भी इस मामले के कुछ मुख्य दोषी सजा से बाहर हैं.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के आयोजन से जुड़े सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे दिखावे और ढोल-थाली बजाने की राजनीति के बजाय जनसेवा में विश्वास रखती हैं. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे.