शादी का वादा कर दुष्कर्म करने वाले दोषी को 7 साल जेल
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने विवाह का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. यह मामला सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर विश्वासघात से जुड़ा है, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया.
पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सीएसईबी कॉलोनी की है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोषी प्रवीण डहरिया ने वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़िता से संपर्क साधा था. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया. आरोपी ने पीड़िता को अपने घर बुलाकर उसके साथ कई बार अनाचार किया.
विश्वास तब टूटा जब प्रवीण ने पीड़िता से किए वादे को दरकिनार कर अपने समाज में दूसरी लड़की की तलाश शुरू कर दी. जब पीड़िता ने इस पर आपत्ति जताई और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से विवाह करने से इनकार कर दिया.
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने दिसंबर 2024 में पुलिस की शरण ली. सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में स्थानांतरित किया गया, जहाँ अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजन अधिकारी मोहन सोनी ने दलीलें पेश कीं. न्यायाधीश सीमा प्रताप चंद्र की अदालत ने गवाहों और सबूतों के आधार पर प्रवीण डहरिया को दोषी पाया और उसे 7 साल जेल की सजा सुनाई.