कोरबा: पत्नी की हत्या कर कटा सिर हाथ में लेकर गांव में घूमा पति
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के बुंदेली गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी सालिक राम यादव ने न केवल अपनी पत्नी का कत्ल किया, बल्कि उसका सिर धड़ से अलग कर एक प्लास्टिक की बोरी में भर लिया.
इसके बाद वह बोरी लेकर गांव के बीचों-बीच पहुँच गया, जहाँ उसने बोरी से कटा हुआ सिर बाहर निकाला और बालों से पकड़कर उसे लहराते हुए ग्रामीणों को डराने लगा.
इस खौफनाक मंजर को देखकर इलाके में दहशत फैल गई और कुछ स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा और बीच में एक पोल्ट्री फार्म के पास भी रुका.
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है.
गौरतलब है कि कोरबा जिले में अपराध की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले फरवरी महीने में भी प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका का गला रेतने के बाद खुदकुशी कर ली थी. फिलहाल, पुलिस इस ताजा मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के विवरण की आधिकारिक पुष्टि करने की प्रक्रिया में है.