कोरबा: पति ने विवाद के बाद पत्नी की हत्या की
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम ठाड़पखना में पारिवारिक कलह ने एक महिला की जान ले ली. शनिवार दोपहर खेत में रोपा लगाने के दौरान गंगोत्री बाई मंझवार (35) और उनके पति जगमोहन मंझवार के बीच कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी जगमोहन ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई.
वारदात के बाद से ही आरोपी पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
बांगो थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर जगमोहन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा भेज दिया गया है.
शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी. परिजनों का आरोप है कि जगमोहन के किसी अन्य महिला के साथ कथित संबंध थे, जो अक्सर उनके झगड़े की वजह बनते थे. घटना वाले दिन भी दोनों के शराब के नशे में होने की बात कही जा रही है.
घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार को पूरा परिवार खेत में काम करने गया हुआ था. दोपहर करीब एक बजे बाकी सदस्य लौट आए, जिसके बाद खेत में गंगोत्री, जगमोहन और एक अन्य महिला ज्योति मंझवार ही मौजूद थीं. विवाद बढ़ता देख ज्योति अपनी मासूम बच्ची को लेकर घर पहुंची और परिजनों को मारपीट की सूचना दी.
बाद में शाम करीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने गंगोत्री को खेत की मेड़ के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा. परिजन उसे तुरंत घर ले आए, लेकिन चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के कारण महिला ने दम तोड़ दिया था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.