कोरबा: पति ने पत्नी, माँ और बहन पर चापड़ से किया हमला, पत्नी गंभीर
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ कोतवाली थाना अंतर्गत सीतामणी वैष्णो दरबार बस्ती में एक युवक ने घरेलू कलह के बीच अपने ही परिवार को लहूलुहान कर दिया. आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी पर चारित्रिक संदेह और पैसों की मांग को लेकर विवाद के बाद धारदार चापड़ से हमला बोल दिया.
इस दौरान जब आरोपी की माँ और बहन उसे बचाने दौड़ीं, तो उसने उन पर भी बेरहमी से वार कर दिए.
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुँची टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया.
बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी सुकृता साहू की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है.
बहन निर्मला ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि भाई ने पत्नी को कमरे में बंद कर हमला किया था, और जब उन्होंने खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, तो वह उन पर भी टूट पड़ा.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी अपनी पत्नी की शिकायत पर जेल की हवा खा चुका है. सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है.