कोरबा: चिता की चिंगारी से घर जलकर खाक
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक ओर ग्रामीण अपने परिजन को अंतिम विदाई दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर एक घर श्मशान की चिंगारी की भेंट चढ़ गया. जिले के पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पचरा में सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान चिता से उठी एक छोटी सी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते एक ग्रामीण के आशियाने को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के 75 वर्षीय बुजुर्ग शिवनंदन सिंह के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार पास के ही मुक्तिधाम में किया जा रहा था. इसी दौरान चली तेज हवाओं ने चिता की चिंगारी को पास ही स्थित उमेश सिंह के कच्चे मकान की ओर उड़ा दिया.
सूखे छप्पर और तेज हवा के संपर्क में आते ही आग ने तेजी पकड़ी और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के वक्त उमेश अपने दो बच्चों के साथ घर के भीतर थे, जिन्होंने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि, घर में रखा राशन, कपड़े, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज आग की भेंट चढ़ गए.
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम ने मौके का मुआयना किया.
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए क्षतिपूर्ति के नियमों की जानकारी दी है.
फिलहाल, सब कुछ खो चुके उमेश के परिवार के सामने सिर छुपाने और जीविका चलाने का गहरा संकट खड़ा हो गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मानवीय आधार पर पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि और सहायता उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है.