कोरबा : भूपेश बघेल और चरणदास महंत का पुतला दहन
कोरबा । संवाददाता: सनातन संस्कृति और संतों के खिलाफ कथित तौर पर की गई अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर छत्तीसगढ़ के कोरबा में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. गहरा दीपका के बजरंग चौक पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोनों नेताओं का पुतला फूंक कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि संत-महात्मा हमारे समाज और सनातन संस्कृति के आधार स्तंभ हैं. उनके सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.
उन्होंने साफ कहा कि अगर आने वाले समय में हिंदू संतों पर इस तरह की कोई भी आपत्तिजनक टिप्पणी दोबारा की गई, तो बजरंग दल और विहिप पूरे प्रदेश में इससे भी ज्यादा उग्र आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेंगे.
बजरंग चौक पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में भगवा ध्वज थामकर सनातन धर्म के पक्ष में नारे लगाए.
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि विपक्ष के शीर्ष नेताओं द्वारा सोची-समझी रणनीति के तहत महात्माओं पर अशोभनीय बयानबाजी की जा रही है, जिसे पूरा हिंदू समाज अपने अपमान के रूप में देख रहा है. कार्यकर्ताओं ने एक सुर में मांग की है कि संतों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वाले नेता तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.