कोरबा: शर्त लगाकर बांगो डैम में छलांग लगाने वाले युवक का शव बरामद
कोरबा । संवाददाता: कोरबा के मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ शर्त लगाकर छलांग लगाने वाले चैतमा गोपालपुर निवासी रंजीत यादव का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया है. रंजीत अपने साथियों के साथ बांध घूमने पहुंचा था, जहां पानी में छलांग लगाकर आगे निकलने की होड़ में उसने गहरे पानी में छलांग लगा दी.
हादसे के बाद युवक का तैरता हुआ एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके तुरंत बाद वह पानी में लापता हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, जिला नगर सेना और गोताखोरों की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला. तलाश को तेज करने के लिए प्रशासन ने NDRF की विशेष टीम की भी मदद ली और आधुनिक बोट्स के जरिए पूरे जलक्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया.
सर्चिंग अभियान को सुगम बनाने के लिए बांध के गेट नंबर 2 को भी विशेष रूप से खोला गया था, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से गोताखोरों ने शव को बाहर निकाल लिया.
उधर ऊपरी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से बांगो बांध का जलस्तर अपनी कुल क्षमता के 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग ने बांध के कुल 9 गेटों को 6 मीटर तक खोलकर जल निकासी की. टरबाइन और गेटों को मिलाकर हसदेव नदी में कुल 41,080 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे हसदेव नदी उफान पर आ गई है.