कोरबा हादसा: अर्टिगा और बाइक की टक्कर में 2 की मौत, 3 गंभीर
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के समीप कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत ने दो लोगों की जान ले ली. इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं.
108 एंबुलेंस ऑपरेटर के मुताबिक, रायपुर से लौटते समय पुलिस कर्मियों के अलर्ट करने पर टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. मौके पर कार और बाइक के परखच्चे उड़े हुए थे. बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि बाकी घायलों को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा के लिए कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में बाइक सवार की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा स्थानांतरित किया गया. मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर श्वेता सोनी ने जानकारी दी कि पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी मानसिक स्थिति स्थिर नहीं है.
प्राथमिक इलाज और एक्स-रे के बाद मरीज की चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा कार में सवार दो यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है.