कोण्डागांव: सिर काटकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कोण्डागांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के विश्रामपुरी थाना अंतर्गत चनाभर्री के जंगल में हुई नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है. 6 दिसंबर 2025 को बरामद हुए लछिन्दर पांडे के सिर कटे शव ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी, जिसके बाद से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, वहीं उसका छोटा भाई रामू नेताम (24 वर्ष) लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था.
आखिरकार 24 दिसंबर को साइबर सेल और विश्रामपुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रामू को धमतरी जिले के खैरभर्री गांव से धर दबोचा.
पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महज एक मामूली विवाद के चलते दोनों भाइयों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था.
आरोपियों ने बड़ी ही बेरहमी से लछिन्दर का सिर धड़ से अलग कर जंगल में फेंक दिया था.
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर फरार आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली.
आरोपी रामू नेताम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा.