खड़गे का तंज- नरेंद्र मोदी 75 साल में रिटायर होंगे?
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए पूछा कि क्या वह 75 साल की उम्र में रिटायर होंगे, जैसा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सुझाव दिया है.
खड़गे ने नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 'भागीदारी न्याय सम्मेलन' में यह बात कही, जहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे.
खड़गे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 75 साल की उम्र में राजनेताओं के रिटायर होने की बात कही थी.
खड़गे ने तंज कसते हुए कहा, "मोदी जी ने इस नियम का हवाला देकर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं जैसे लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को हटा दिया. अब वह खुद 75 साल के हो रहे हैं. वह कब हटेंगे? यह सवाल हमारे सामने है. मोदी जी ने सभी को बाहर का रास्ता दिखाया, लेकिन उन्हें देश से कोई लेना-देना नहीं है. उनकी चिंता सिर्फ अपनी कुर्सी को लेकर है."
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वह कुछ बार मोदी से मिले हैं और उन्हें "सिर्फ दिखावा, कोई दम नहीं" पाया.
राहुल ने कहा, "पहले मैं उनसे नहीं मिला था, लेकिन अब दो-तीन बार मिलने के बाद मैं समझ गया हूं कि उनमें कोई गहराई नहीं है. मीडिया ने उनके इमेज को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है, लेकिन हकीकत में कोई ठोस बात नहीं है."
राहुल गांधी ने अपने 21 साल के राजनीतिक करियर का जिक्र करते हुये कहा कि उन्होंने ओबीसी समुदाय के हितों की पूरी तरह रक्षा नहीं की, जो उनकी एक "गलती" थी.
उन्होंने कहा, "मैंने भूमि अधिग्रहण बिल, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा बिल और आदिवासियों के लिये संघर्ष जैसे मुद्दों पर सही दिशा में काम किया. दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के हितों की रक्षा में मुझे अच्छे अंक मिल सकते हैं, लेकिन ओबीसी समुदाय के लिए मैंने उतना नहीं किया, जितना करना चाहिये था."
इस सम्मेलन में खड़गे ने ओबीसी समुदाय को आगे लाने के लिये कांग्रेस की योजना का जिक्र किया और सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से ओबीसी कल्याण के लिए नई योजनायें शुरू करने का आह्वान किया.
उन्होंने बीजेपी के खिलाफ पिछड़े वर्गों को एकजुट होने का आह्वान करते हुये कहा कि अगर कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 25 और सीटें मिली होतीं, तो वह सत्ता में होती.
राहुल ने तेलंगाना में सामाजिक-आर्थिक जाति सर्वेक्षण की सराहना करते हुये इसे "राजनीतिक भूकंप" करार दिया. उन्होंने कहा, "इसके झटके अभी पूरी तरह महसूस नहीं हुए हैं, लेकिन इसका प्रभाव देश की राजनीति पर जरूर पड़ेगा."