केरल: शशि थरूर के गनमैन और ड्राइवर पर हमला
मलप्पुरम । डेस्क: केरल के मलप्पुरम जिले के वंडूर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के गनमैन और ड्राइवर पर हमले का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चेल्लीथोड के पास हुई, जब शशि थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिलकुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.
प्राथमिकी के अनुसार, संकरे रास्ते और पुल पर ट्रैफिक जाम के दौरान जब थरूर के गनमैन रत्नीश के.पी. ने आगे चल रहे वाहनों को रास्ता देने के लिए कहा, तो दो वाहनों में सवार पांच लोगों के समूह ने कथित तौर पर उनके और ड्राइवर के साथ मारपीट की.
वंडूर पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी चार की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.