केरल: PM मोदी के कोच्चि दौरे का बहिष्कार, CM और कांग्रेस नेताओं ने बनाई दूरी
कोच्चि । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरल के कोच्चि में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने पहुँच रहे हैं, लेकिन उनके इस दौरे पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनके कैबिनेट सहयोगी और कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला किया है.
आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच आयोजित हो रहे इस सरकारी कार्यक्रम को विपक्ष भाजपा का 'चुनावी एजेंडा' करार दे रहा है.
विवाद की मुख्य वजह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर की मौजूदगी और कार्यक्रम के मंच से ही एनडीए के चुनावी अभियान की शुरुआत करना है.
हालांकि आधिकारिक विज्ञापनों में मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के नाम शामिल थे, लेकिन राज्य सरकार की ओर से दावा किया गया है कि इस कार्यक्रम के बारे में कोई उचित संवाद नहीं किया गया था, जिसके चलते मुख्यमंत्री तिरुवनंतपुरम में ही रहेंगे.
वहीं, लोक निर्माण विभाग मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास को आमंत्रित न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए मंत्री एम.बी. राजेश ने भी समारोह से दूरी बना ली है.
कांग्रेस सांसद बेनी बेहानन ने इसे भाजपा का राजनीतिक प्रचार बताते हुए शामिल होने से इनकार कर दिया है, जबकि सांसद हिबी ईडन ने सरकारी समारोह में भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप पर आपत्ति जताते हुए इसे 'अस्वीकार्य' बताया है.