केजरीवाल ने स्वीकारी हार, शाह बोले-शीशमहल नेस्तनाबूद
अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार की.
नई दिल्ली | डेस्क: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में हार स्वीकार कर ली है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, "आज दिल्ली के चुनाव के नतीजे आए हैं और जनता का जो भी निर्णय है, जनता का जो भी फ़ैसला है उसे हम पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं."
केजरीवाल ने कहा, "जनता का निर्णय सिर माथे पर. मैं भारतीय जनता पार्टी को इस जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं. और मैं उम्मीद करता हूं कि जनता ने जिस उम्मीद के साथ वोट दिया है उन्हें, वो उन सभी उम्मीदों और आशाओं पर पूरा उतरेंगे."
उन्होंने कहा, "पिछले दस साल में जनता ने जो मौका दिया हमें, उस दस साल में हमने बहुत काम किए. शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी के क्षेत्र में, हमने दिल्ली के इनफ़्रास्ट्रक्चर के लिए भी काम किया."
"अब जो जनता ने हमें निर्णय दिया है, हम न केवल एक कंस्ट्रक्टिव अपोज़िशन का रोल निभाएंगे बल्कि हम समाजसेवा, जनता के दुख-सुख में काम आना, व्यक्तिगत तौर पर जिसको भी जो ज़रूरत होगी, हम काम आएंगे. क्योंकि हम राजनीति में कोई सत्ता के लिए नहीं आए. हम राजनीति को एक ज़रिया मानते हैं जिसके ज़रिए जनता की सेवा की जा सके, लोगों के सुख-दुख में काम आ सकें."
इधर भाजपा नेता और देश के गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने बता दिया है कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता. अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है."
अमित शाह ने सिलसिलेवार किए पोस्ट में लिखा, "दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के शीशमहल को नेस्तनाबूद कर दिल्ली को आप-दा मुक्त करने का काम किया है."
"दिल्ली ने वादाख़िलाफ़ी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेहा. यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है."
इधर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के अब तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी के पिछड़ने पर पार्टी की नीतियों को ज़िम्मेदार ठहराया है.
उन्होंने कहा कि मैं पहले से कहता हूं कि चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का आचार शुद्ध होना, विचार शुद्ध होना, जीवन निष्कलंक होना और अपमान पीने की शक्ति होना. ये गुण अगर उम्मीदवार में है तो मतदाताओं को विश्वास आता है कि ये हमारे लिए कुछ करने वाला है."
अन्ना ने कहा- "मैं बार-बार बताता गया, लेकिन उनके दिमाग में नहीं आया और आख़िर में शराब की बात आ गई. शराब की बात क्यों आ गई क्योंकि पैसे में बह गए. शराब के कारण वो बदनाम हो गए. लोगों को भी मौका मिला कि वो ये कह सकें कि ये चरित्र के बारे में बोलता है और दूसरी तरफ़ शराब की बात करता है."
दूसरी ओर दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा किदिल्ली की जनता का जनादेश हमें स्वीकार है. मैं अपनी सीट पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही हूं, लेकिन ये जंग का समय है. जंग जारी रहेगी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ़, उनकी तानाशाही के खिलाफ़.
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी गलत के खिलाफ़ लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी. ये ज़रूर एक सेटबैक है.