रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

कटघोरा के हॉस्टल परिसर में घुसा 52 हाथियों का झुंड, 160 बच्चों में मची अफरातफरी

C

CG Khabar

10 अक्टू. 2026, 01:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 56

हाथी
हाथी

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों के बढ़ते मूवमेंट ने आसपास के ग्रामीण इलाकों में गहरा खौफ पैदा कर दिया है. कटघोरा वन मंडल के पसान क्षेत्र अंतर्गत तेलियामार गांव में गुरुवार देर रात उस वक्त स्थिति भयावह हो गई, जब 52 हाथियों का एक बड़ा दल रिहाइशी इलाके में दाखिल हो गया. 


इस झुंड ने गांव में स्थित दीपक (मिशन) स्कूल की बाउंड्री वॉल ढहाकर हॉस्टल परिसर में प्रवेश किया और वहां बने बगीचे को बुरी तरह रौंद दिया. हाथियों की तेज चिंघाड़ और मौजूदगी के कारण हॉस्टल में मौजूद लगभग 160 छात्र-छात्राएं पूरी रात खौफ के साये में दुबके रहे.

विज्ञापन


गांव में घुसे इस दल ने न केवल स्कूली परिसर को नुकसान पहुंचाया, बल्कि एक ग्रामीण के मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. खेतों में खड़ी धान की पकी फसल को हाथियों द्वारा बेरहमी से रौंदे जाने के कारण स्थानीय किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. 


लगातार हो रहे इस नुकसान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से ग्रामीणों में वन अमले को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है. हालांकि, शुक्रवार को ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन इससे हाथी और अधिक बिदककर आसपास के अन्य गांवों की तरफ रुख करने लगे हैं.


वर्तमान में कटघोरा और आसपास के जंगलों में कुल 57 हाथी विचरण कर रहे हैं. पसान के खोहरी और तेलियामार जंगलों में 52 हाथियों की मौजूदगी है, जबकि जटगा में तीन और करतला रेंज के कोटमेर में एक दंतैल हाथी देखा गया है. 


इसके अलावा, बनिया व केंदई रेंज में अकेले घूम रहा एक सिरफिरा दंतैल हाथी ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ा खतरा बना हुआ है. वन अधिकारियों के मुताबिक, आमतौर पर हाथियों का झुंड बस्तियों का रुख नहीं करता, लेकिन खेतों में पकी धान की महक उन्हें गांवों की ओर खींच रही है.


बिगड़ते हालात को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के 10 से अधिक संवेदनशील गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी करवाकर अलर्ट जारी किया है. ग्रामीणों को पकी फसल की कटाई और रखवाली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और जंगलों की तरफ न जाने की सख्त ताकीद की गई है. विभाग की रेस्क्यू टीमें हाथियों के इस दल को सुरक्षित तरीके से गहरे जंगलों की ओर खदेड़ने के प्रयास में लगातार जुटी हुई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP