आतंकी हमले के ख़िलाफ़ कश्मीर बंद, दुनिया भर में आक्रोश
नई दिल्ली | डेस्क : कश्मीर में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद बुधवार को कश्मीर पूरी तरह से बंद रहा. चैंबर एंड बार एसोसिएशन के कश्मीर बंद को जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी ने भी समर्थन दिया है.
इस बीच गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पहलगाम से लगभग पांच किलोमीटर दूर आतंकवादी हमले की जगह बैसरन इलाक़े में पहुंचे. उन्होंने इलाके का जायजा लिया.
इससे पहले गृहमंत्री ने जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में पहुंच कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात की.
दूसरी तरफ़ कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी मृतकों को श्रद्धांजलि देने श्रीनगर पहुंचे.
इधर बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह से बात की. राहुल गांधी ने इसकी जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर दी.
उन्होंने लिखा, "मैंने गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और जम्मू-कश्मीर पीसीसी अध्यक्ष तारिक़ हमीद कर्रा से पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में बात की. इस हमले की पूरी जानकारी ली. पीड़ितों के परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और हम उन्हें पूरा समर्थन देंगे."
कश्मीर बंद
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद चैंबर एंड बार एसोसिएशन जम्मू ने कश्मीर बंद का एलान किया है. उनके इस एलान का जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने समर्थन किया है.
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने कश्मीर बंद के समर्थन की जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर साझा की है.
पार्टी ने अपने पोस्ट में लिखा, "पार्टी अध्यक्ष के निर्देश पर, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कश्मीर बंद की सामूहिक अपील में शामिल हो गया है. हम जम्मू-कश्मीर के लोगों से अपील करते हैं कि धार्मिक और सामाजिक नेताओं की ओर से बुलाई गई हड़ताल को पूरी तरह से सफल बनाएं."
वहीं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने लिखा, "चैंबर एंड बार एसोसिएशन जम्मू ने पर्यटकों पर हुए भयावह चरमपंथी हमले के विरोध में पूरी तरह से बंद का आह्वान किया है. मैं सभी कश्मीरियों से अपील करती हूं कि वे पहलगाम में हुए क्रूर हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के सम्मान में इस बंद का समर्थन करने के लिए एकजुट हों."
"यह हमला कुछ ख़ास लोगों पर नहीं, बल्कि हम सभी पर हुआ है. हम ग़म और आक्रोश में एकजुट हैं और निर्दोषों की हत्या की कड़ी निंदा करने के लिए इस बंद का पूरी तरह समर्थन करते हैं."
दुनिया भर में दुख और आक्रोश
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "कश्मीर से अत्यंत दुखद खबर आ रही है. आतंक की इस लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है. हम मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों को हमारा पूर्ण समर्थन है और गहरी सहानुभूति है."
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, "मेरे दोस्त नरेंद्र मोदी, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बर्बर आतंकी हमले से मैं गहरे तौर पर दुखी हूं, जिसमें दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए और घायल हुए हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में इसराइल भारत के साथ खड़ा है."
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने एक्स पर लिखा, "पहलगाम में घृणित आतंकवादी हमले ने कई निर्दोष जानें ले लीं. नरेंद्र मोदी और शोक मना रहे हर भारतीयों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मुझे पता है कि भारत की इच्छा शक्ति अटूट है. आप इस मुश्किल घड़ी में मजबूती के खड़े रहेंगे. और यूरोप आपके साथ खड़ा है."
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीएर स्टार्मर ने एक्स पर लिखा, "कश्मीर में हुआ भयानक आतंकवादी हमला बेहद भयावह है. मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों, उनके प्रियजनों और भारत के लोगों के साथ हैं."
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने 'भयानक हमले' की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना ज़ाहिर की है.
यूएई ने भी एक बयान जारी कर इस हमले को आपराधिक कृत्य बताया और इसकी कड़ी निंदा की है.