करणी सेना के अध्यक्ष शेखावत ने किया रायपुर में आत्मसमर्पण
करणी सेना के अध्यक्ष शेखावत ने दी रायपुर में गिरफ़्तारी
रायपुर | संवाददाता: रायपुर में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने मौदहापारा थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी दी है. उनकी गिरफ्तारी के विरोध में थाने के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालात को देखते हुए मौदहापारा थाने के बाहर 1 एएसपी, 2 सीएसपी और 5 थानों के टीआई सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया. बाद में थाने से ही उन्हें जमानत दे दी गई.
डॉ. शेखावत ने एक दिन पहले ही फेसबुक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की थी कि वे पीड़ित परिवार की अगुआई में ‘आमंत्रण यात्रा’ की शुरुआत करेंगे और शाम 4 बजे मौदहापारा थाने में पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे.
डॉ. राज शेखावत पर आरोप है कि उन्होंने सूदखोरी के आरोपों में गिरफ्तार वीरेंद्र तोमर के जुलूस के मामले में पुलिसकर्मियों को उनके घरों तक पहुंचकर सबक सिखाने की धमकी दी थी. इसी बयानबाज़ी के बाद मौदहापारा थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई.
यह शिकायत पुरानी बस्ती के तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कश्यप ने की थी. उन्होंने आपराधिक धमकी देने, लोकसेवक को धमकाने और उनकी मर्यादा को ठेस पहुंचाने जैसे आरोप लगाए. इसके आधार पर मौदहापारा पुलिस ने 15 नवंबर को बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था.
राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा पहले ही साफ कर चुके हैं कि “अपराधी कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.”
शेखावत के विवादित बयान
डॉ. राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर करीब एक घंटे तक लाइव आकर रायपुर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया था. उन्होंने कहा था कि वीरेंद्र तोमर कोई आतंकवादी नहीं था, फिर भी उसके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया.
सरकार और पुलिस को चेतावनी देते हुए उन्होंने दावा किया कि क्षत्रिय समाज के लाखों लोग जल्द ही रायपुर कूच करेंगे. उन्होंने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने तोमर के घर के अंदर घुसकर कार्रवाई की, “हम उनके घरों में भी घुसेंगे.” उन्होंने इस कार्रवाई का “मुंहतोड़ जवाब” देने की बात भी कही.
एक अन्य बयान में डॉ. शेखावत ने 7 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में ‘न्याय महापंचायत’ करने की घोषणा की थी.
करणी सेना और वीरेंद्र तोमर पर क्या कहा गया?
करीब तीन महीने पहले राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने रायपुर में साफ किया था कि हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है.
इसके उलट, डॉ. राज शेखावत का कहना है कि वीरेंद्र तोमर एक व्यापारी था, जो जरूरतमंदों को पैसा देता था और बाद में वही रकम वापस मांगता था. उनके अनुसार, “जिस तरह लाखों लोग फाइनेंस का काम करते हैं, उसी तरह वह भी करता था, लेकिन नेताओं के दबाव में आकर प्रशासन ने उसके साथ क्रूरता की.”
शेखावत ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र तोमर को तपती धूप में नंगे पांव, हथकड़ी लगाकर घुमाया गया, उसकी हालत खराब होने पर वह सड़क पर गिर पड़ा, तो कुछ पुलिसकर्मी उस पर पैर रखकर खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने ऐसे पुलिसवालों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा, “ऐसे पुलिसवाले डूब मरें.”
उनका कहना था कि पुलिस को न्याय और अधिकार दिलाने का काम करना चाहिए, लेकिन “आप लोग एक निहत्थे व्यक्ति पर महीनों से अत्याचार कर रहे हैं.”
घरों में घुसकर जवाब देने की चेतावनी
डॉ. शेखावत ने सोशल मीडिया पर कहा था कि “मैं छत्तीसगढ़ आ रहा हूं. जितने भी क्षत्रिय हैं, चाहे लोकल हों, बाहर से आए हों या ओबीसी श्रेणी से आते हों, सभी तैयार रहें.”
शेखावत ने कहा था कि जो भी अधिकारी, नेता या मंत्री इस मामले में लिप्त होंगे, “उनके घरों में घुसकर जवाब दिया जाएगा ताकि आगे से किसी पर अत्याचार करने से पहले 100 बार सोचें.”
उन्होंने आरोप लगाया कि वीरेंद्र के छोटे भाई के अपराध के नाम पर पूरे परिवार को घसीटा गया. बड़े भाई, उसकी पत्नी और मां तक को मामलों में उलझाया गया, घर में घुसकर झूठे केस बनाए गए और उनसे दुर्व्यवहार किया गया.
उन्होंने समर्थकों से अपील की थी कि “सभी क्षत्रिय मजबूत डंडा और केसरिया झंडा लेकर आएं, मुंहतोड़ जवाब देना है.” रायपुर के एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, “हम आपके ऑफिस में नहीं आएंगे, घर पर आएंगे. हम आर-पार वाले लोग हैं.”
डॉ. शेखावत ने खुद को फौजी बताते हुए कहा, “एक फौजी आपको ललकार रहा है, हो सके तो रोक लेना. लाखों की संख्या में आपके घर आ रहे हैं. जितनी पुलिस फोर्स बुलानी है, बुला लेना, हमें रोक नहीं पाओगे.”
वीरेंद्र तोमर की गिरफ्तारी और जुलूस
10 नवंबर को रायपुर पुलिस ने सूदखोरी, रंगदारी और अवैध हथियार रखने के आरोपों में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर को कोर्ट में पेश किया था. इससे पहले 9 नवंबर को पुलिस ने उसे सड़क पर पैदल ले जाते हुए जुलूस निकाला था.
जुलूस के दौरान वीरेंद्र तोमर लंगड़ाते हुए चल रहा था, उसकी बनियान फटी हुई थी.
कुछ देर बाद वह चलते-चलते सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा. उसका भाई रोहित तोमर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की एक टीम जुटी हुई है.
दोनों भाइयों पर रायपुर के अलग-अलग थानों में 16 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी, अप्राकृतिक कृत्य और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं.