बांदीपुर में बोनेट मैकाक बंदरों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: कर्नाटक के बांदीपुर टाइगर रिजर्व में 18 बंदरों की मौत हो गई है. इन बोनेट मैकाक बंदरों की मौत जहर से हुई है.
चामराजनगर ज़िले के गुंडलुपेट तालुक में बोरे भरकर 20 बंदरों को फेंका गया था. जिनमें से 2 जीवित थे. वन विभाग के अधिकारी ने उन्हें गुंडलुपेट के पशु चिकित्सालय में ईलाज के लिये भेज दिया है.
कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खांद्रे ने बंदरों की मौत का जांच करने का आदेश बांदीपुर टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक और क्षेत्रीय निदेशक एस प्रभाकरण को दिया है.
प्रभाकरण ने कहा, "पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है. आरंभिक रिपोर्ट से यह बात सामने आ रही है कि यह मौत ज़हर से हुई है. हम किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "यह किसने किया? इसकी अभी जांच चल रही है."
एमएम हिल्स वन्यजीव अभयारण्य में शिकारियों ने एक तेंदुए का भी शिकार किया था. कर्नाटक के वन मंत्री ने इसकी जांच का भी आदेश दिया है.