भागवत के US में दिए भाषण पर कपिल सिब्बल का तंज- न्यूयॉर्क में एकता की बात और देश में चुप्पी क्यों?
नई दिल्ली । डेस्क: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा अमरीका दौरे के दौरान विविधता और भारत की मूल एकता पर दिए गए भाषण को लेकर राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने उन पर जोरदार निशाना साधा है. सिब्बल ने भागवत के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि न्यूयॉर्क के भाषण को सुनकर एक पल के लिए ऐसा लगा मानो संघ प्रमुख नहीं बल्कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बोल रहे हों.
उन्होंने आरएसएस प्रमुख पर दोहरा रवैया अपनाने और विदेशी मंचों पर अलग तथा देश के भीतर अलग रुख रखने का गंभीर आरोप लगाया.
कपिल सिब्बल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि अमरीका में 'विविधता का सम्मान करने और जश्न मनाने' की बात करने वाले मोहन भागवत अपने ही देश में विविधता के संरक्षण के मुद्दे पर पूरी तरह मौन रहते हैं.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के भीतर मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं होती हैं या विविधता पर हमले किए जाते हैं, तब संघ प्रमुख कभी अपनी आवाज नहीं उठाते और न ही सरकार की नीतियों या आचरण की आलोचना करते हैं.
सिब्बल के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद से देश में 'जियो और जीने दो' की मूल भावना पर लगातार असर पड़ा है, लेकिन इस पर आरएसएस प्रमुख ने कभी अपनी बात नहीं रखी.
उन्होंने कहा कि केवल विदेशी धरती पर जाकर मीठे शब्द बोलने से सच्चाई नहीं बदलती; शब्दों से ज्यादा इंसान का काम और आचरण बोलता है. अगर भारत की विविधता को वास्तव में बचाना और उसका सम्मान करना है, तो देश के भीतर भी वही रवैया अपनाना होगा.