कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को 1 साल की जेल
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव और उनके दो साथियों को सोना तस्करी के एक बड़े मामले में बेंगलुरु की एक अदालत ने एक साल की सजा सुनाई है. रान्या के अलावा तारुण कोंडारू राजू और साहिल जैन भी इस मामले में दोषी पाये गये हैं.
अदालत ने साफ किया है कि तीनों को सजा की अवधि के दौरान जमानत के लिये आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी.
जांच एजेंसियों के अनुसार, रान्या ने तारुण और साहिल के साथ मिलकर एक संगठित सोना तस्करी नेटवर्क स्थापित किया था. यह गिरोह मुख्य रूप से दुबई, युगांडा और अन्य देशों से सोना तस्करी में शामिल था.
जांच में यह भी पता चला कि तस्करी से प्राप्त धन का लेन-देन हवाला नेटवर्क के जरिये किया जाता था.
यह मामला तब सामने आया जब 3 मार्च 2025 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रान्या को 14 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ा गया. इस सोने की बाजार कीमत लगभग साढ़े 12 करोड़ रुपये थी.
इसके बाद रान्या के आवास पर छापेमारी में 2.5 करोड़ रुपये नकद और 2 करोड़ रुपये की सोने की ज्वेलरी बरामद की गई.
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की शिकायत पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इस मामले की जांच शुरू की. बाद में प्रवर्तन निदेशालय भी इस जांच में शामिल हुआ. जांचकर्ताओं ने बताया कि बेंगलुरु हवाई अड्डे की घटना के कुछ दिनों बाद मुंबई हवाई अड्डे से भी भारी मात्रा में सोना जब्त किया गया, जो दुबई से तस्करी के लिये लाया जा रहा था.
जांचकर्ताओं का मानना है कि इस तस्करी के पीछे दुबई से संचालित एक बड़ा रैकेट हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि के लिए ठोस सबूत नहीं मिले हैं.
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस के अनुसार, रान्या अपने दोस्त तारुण के साथ कम से कम 26 बार दुबई की यात्रा कर चुकी थीं. हर बार वह सुबह वहां जाती थीं और उसी रात लौट आती थीं.
जांचकर्ताओं का मानना है कि इन यात्राओं का मकसद सोना तस्करी ही था. तारुण को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है.
इस मामले ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. जांच एजेंसियां अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य संभावित कनेक्शनों की तलाश में हैं.