कांकेर: नक्सली डंप से बरामद ₹20 लाख के गबन का आरोप, दो DSP के खिलाफ जांच शुरू
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी-नक्सल ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के दो अलग-अलग ठिकानों से बरामद किए गए 20 लाख रुपये की नकदी में गबन का मामला सामने आया है. इस गंभीर मामले में पुलिस विभाग के ही दो उप पुलिस अधीक्षक (DSP) रैंक के अधिकारी जांच के घेरे में आ गए हैं.
पुलिस के अनुसार, यह नकदी इसी वर्ष मार्च और अप्रैल के दौरान मुरगांव वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टोंडेमरका और मरकाकोनारी के जंगलों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान जब्त की गई थी. सुरक्षा बलों को एक स्थान से ₹15 लाख और दूसरे ठिकाने से ₹5 लाख नकद मिले थे.
नियमानुसार, नक्सलियों के डंप से बरामद किसी भी सामग्री या नकदी का पंचनामा बनाकर अन्य औपचारिकताओं के बाद उसे सरकारी मालखाने या कानूनी प्रक्रिया के तहत जमा करना अनिवार्य होता है. हालांकि, अब यह आरोप लगा है कि इन अधिकारियों ने बरामद रकम को तय प्रक्रिया के अनुसार सरकारी खाते में जमा नहीं कराया.
मामले की भनक लगते ही कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने इसकी जांच के आदेश दिए थे. एसपी राखेचा ने बताया कि प्राथमिक जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट अगस्त माह में ही उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है.
दोनों संदिग्ध अधिकारी वर्तमान में अन्य जिलों में पदस्थ हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुख्यालय से निर्देश मिलते ही जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.