शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

कांकेर: नदी के बीच नाव पर गर्भवती महिला की मौत, पुल न होने से हुई देरी

C

CG Khabar

19 अग. 2026, 02:57 PM 3 मिनट में पढ़ें 11

नाव में गर्भवती की मौत
नाव में गर्भवती की मौत

कांकेर । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक से एक बेहद दर्दनाक और व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली घटना सामने आई है. कंदारी गांव की एक तीन महीने की गर्भवती महिला, सुलता जाड़े, को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन नदी पर पुल न होने और समय पर एम्बुलेंस सुविधा न मिलने के कारण उसने नाव पर ही दम तोड़ दिया. इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण स्थानीय प्रशासन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति गहरे आक्रोश में हैं.


बरसात में नदी उफान पर, टापू बन जाता है कंदारी गांव


कंदारी गांव कोटरी नदी के पार बसा हुआ है, जहां पहुंचने का एकमात्र साधन नाव ही है. बारिश के दिनों में जब नदी उफान पर होती है, तो ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं. आपातकालीन स्थिति में मरीजों को नदी पार कराकर अस्पताल ले जाना एक बेहद जोखिम भरा और चुनौतीपूर्ण काम साबित होता है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से नदी पर पुल बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसकी कीमत आज एक मासूम जिंदगी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.

विज्ञापन


मलेरिया की आशंका और एम्बुलेंस का न मिलना


बताया जा रहा है कि सुलता कई दिनों से बीमार चल रही थी. 16 अगस्त को परिजनों ने एक निजी डॉक्टर से जांच कराई, जहां उसे मलेरिया होने की बात कही गई. 17 अगस्त को जब उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने आपातकालीन '102 महतारी एक्सप्रेस' एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की. हालांकि, संपर्क न हो पाने के कारण परिजनों के पास कोई विकल्प नहीं बचा. वे बीमार महिला को खाट पर लादकर नदी तट तक ले गए और लकड़ी की नाव से नदी पार कराने की कोशिश करने लगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और महिला ने नदी के बीच में ही दम तोड़ दिया.


स्वास्थ्य विभाग की जांच और विरोधाभासी दावे


महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए गांव पहुंची है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. आर.सी. ठाकुर ने बताया कि छोटेबेठिया में महिला की मलेरिया जांच की गई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी. वहीं, ग्रामीण चिकित्सा सहायक जितेंद्र देवांगन के अनुसार, 1 जुलाई से ही गांवों में कैंप लगाकर जांच की जा रही है और उक्त महिला की रिपोर्ट भी नेगेटिव ही थी. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी.


परिजनों ने उठाया लापरवाही का मुद्दा, पोस्टमार्टम से किया इनकार


घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का सीधा आरोप लगाया है. हालांकि, महिला के पति रमेश जाड़े का कहना है कि वे इस दुखद घड़ी में किसी को जिम्मेदार ठहराना नहीं चाहते और न ही शव का पोस्टमार्टम कराना चाहते हैं. इस घटना ने एक बार फिर दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल
छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में चालकों के 'स्टेयरिंग छोड़ो अभियान' से थमी मालवाहकों की रफ्तार

3 घंटे पहले

गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

GPM: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में युवक गिरफ्तार

9 घंटे पहले

जशपुर के किसान वार्ता करते हुए
छत्तीसगढ़

जशपुर: जमीन के बदले जमीन की जिद पर अड़े किसान, भारतमाला परियोजना के सर्वे को ग्रामीणों ने रोका

10 घंटे पहले

AI Generated Photo- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

जगदलपुर: बाल संरक्षण गृह से छोटी दिवाली पर 5 नाबालिग निर्माणाधीन भवन की ग्रिल तोड़कर फरार

10 घंटे पहले

मृतक शंकर चक्रधारी- रायगढ़
छत्तीसगढ़

रायगढ़: कार वाशिंग सेंटर में करंट लगने से 23 वर्षीय युवक शंकर चक्रधारी की मौत

10 घंटे पहले

Traffic Police- Symbolic Photo
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में ट्रैफिक जवानों की मनमानी पर लगाम, SSP ने लागू की ऑनलाइन ई-चालान व्यवस्था

10 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP