कांकेर: नल-जल योजना के गड्ढे में मलबे में दबकर मजदूर की मौत, चार दिन बाद मिला शव
कांकेर । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंगनझार गांव में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के काम में जुटे 30 वर्षीय मजदूर रामदेव अंचला की मिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई. 28 जुलाई से लापता मजदूर का शव चार दिन बाद शनिवार को 10 मीटर गहरे गड्ढे से बरामद किया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय रामदेव नाली में उतरकर घरेलू पाइपलाइन कनेक्शन जोड़ने का काम कर रहे थे. उसी दौरान दूसरी ओर से गड्ढा भर रहा जेसीबी चालक रामदेव को देख नहीं पाया और उसने उसी जगह पर मिट्टी गिरा दी.
अचानक गिरी मिट्टी के नीचे दब जाने के कारण मजदूर को संभलने या मदद के लिए पुकारने का मौका भी नहीं मिला. काम कर रहे अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर की दूरी पर थे, जिससे किसी का ध्यान हादसे की ओर नहीं गया.
दोपहर के खाने के वक्त जब रामदेव नहीं पहुंचे, तो साथियों और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. शुरुआत में मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन बाद में फोन बंद हो गया. परिजनों और ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर कच्चा पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
शनिवार को पुलिस ने ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में संदिग्ध स्थान पर दोबारा खुदाई शुरू करवाई. लगभग 10 मीटर नीचे खोदने पर रामदेव का शव बरामद हुआ. शव बाहर आते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी चालक विजय राजपूत के साथ हाथापाई कर दी, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक को बचाकर हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है. AI Generated symbolic Photo.