कंगना रनौत के बदले सुर: 'जनरेशन गटर' से अब Gen Z को बताया देश की ताकत
मुंबई । डेस्क: अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने Gen Z प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान से पूरी तरह यू-टर्न ले लिया है. कुछ ही दिनों पहले युवाओं को "जनरेशन गटर" बताने वाली कंगना ने अब उनकी जमकर तारीफ की है और उन्हें देश की सबसे बड़ी ताकत तथा भारत की संस्कृति एवं पहचान का ब्रांड एंबेसडर करार दिया है.
संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए मंडी से सांसद कंगना ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के बयान का समर्थन किया.
उन्होंने कहा कि देश के युवा अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपना रहे हैं और यह राष्ट्र के लिए बेहद खुशी की बात है. कंगना ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और राष्ट्र का नाम रोशन करने वाले एथलीटों पर देश को गर्व है, जबकि केवल मुट्ठी भर लोग गाली-गलौज करके पूरी पीढ़ी का नाम खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
कंगना ने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और झारखंड में भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से न मिलने पर सवाल उठाए.
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए बेहद सख्त और तीखे शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद कंगना की चौतरफा आलोचना हो रही थी. हालांकि, आरएसएस प्रमुख द्वारा युवाओं के रुख को सहानुभूतिपूर्वक सुनने और उन्हें "देशद्रोही" न ठहराने की सलाह के बाद कंगना के रुख में यह बड़ा बदलाव देखा गया है.