न्याय होकर रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 'वोट चोरी' भारतीय जनता और देश के संविधान पर सीधा हमला है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और चुनाव आयोग (ईसी) जिम्मेदार हैं और उनका यह कृत्य देशद्रोह की श्रेणी में आता है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए आश्वस्त किया कि इस मामले में न्याय होकर रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
कांग्रेस नेता का यह कड़ा बयान एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र 'द इंडियन एक्सप्रेस' में प्रकाशित उस मीडिया रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें चुनाव आयोग के भीतर की खींचतान का पर्दाफाश किया गया था.
रिपोर्ट के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर तीन सदस्यीय चुनाव आयोग के भीतर गंभीर मतभेद सामने आए हैं.
आयोग के दो चुनाव आयुक्तों-सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी-ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार औपचारिक रूप से अपनी लिखित आपत्ति दर्ज कराई है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि कई महत्वपूर्ण फैसले और आदेश उनकी जानकारी के बिना जारी किए गए.
राहुल गांधी ने अपने बयान के साथ एक पुराना वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करना देशद्रोह है और समय आने पर इसके लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.