मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस

C

CG Khabar

05 सित. 2026, 03:15 PM 2 मिनट में पढ़ें 30

जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल

नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद हाईकोर्ट में नए नेतृत्व की व्यवस्था की गई है. राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का एक्टिंग चीफ जस्टिस (कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश) नियुक्त किया है. 


नियुक्ति का आदेश जारी होने के बाद अब वे मुख्य न्यायाधीश पद के दायित्वों का निर्वहन करेंगे.

विज्ञापन


इस बदलाव के बीच छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नए नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 6 अगस्त 2026 की बैठक में उड़ीसा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी. 


कॉलेजियम की इस सिफारिश को 31 अगस्त 2026 को अधिसूचित किया गया था, जो फिलहाल केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के समक्ष विचाराधीन है.


इसके अलावा, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने वाले जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल के तबादले और पदोन्नति की सिफारिश भी प्रक्रिया में है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट स्थानांतरित करने और वहां का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है. 


यह प्रस्ताव भी अंतिम स्वीकृति के लिए विधि एवं न्याय मंत्रालय के पास लंबित है. जब तक इन सिफारिशों पर केंद्र सरकार की अंतिम मुहर नहीं लग जाती, तब तक जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP