दिव्यांग युवाओं के लिए रायपुर में लगेगा जॉब फेयर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दिव्यांग युवाओं के लिए राजधानी रायपुर में एक बेहतरीन रोजगार का अवसर सामने आया है. रायपुर के बैरन बाजार स्थित शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज में आगामी 5 जून 2026 को एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है.
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस जॉब फेयर में निजी क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो चयनित उम्मीदवारों को योग्यता के आधार पर 11,000 रुपये से लेकर 30,000 रुपये प्रति माह तक का वेतन पैकेज ऑफर करेंगी. इस भर्ती अभियान के जरिए चुने गए युवाओं को रायपुर और सिलतरा क्षेत्र में काम करने का मौका मिलेगा.
विशेष रोजगार कार्यालय और यंग इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस मेले में कई नामी निजी संस्थान योग्य अभ्यर्थियों की तलाश में पहुंच रहे हैं.
उपसंचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मेले में शामिल होने वाले प्रमुख नियोक्ताओं में स्काई ऑटोमोबाइल (मारुति नेक्सा), विश्वभारती ऑटोमोबाइल प्रा. लि., अविनाश डेवलपर्स प्रा. लि., क्रेडालिस केपिटल प्रा. लि., बारबर्रिक ट्रांसफॉर्मर्स और आई. ट्रेड टेलिमेटिक्स निगरानी जीपीएस रामा उद्योग प्रा. लि. जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं.
इस रोजगार मेले में हिस्सा लेने के लिए विभाग की ओर से कुछ जरूरी शर्तें भी तय की गई हैं. इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही दिव्यांग अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है और जो बिना व्हीलचेयर के खुद से चलने-फिरने में पूरी तरह समर्थ हैं.
यह मेला मुख्य रूप से अस्थिबाधित, बौनेपन से प्रभावित, श्रवणयंत्र की मदद से कम सुनने वाले और कम दृष्टि (देखने में कठिनाई) वाले दिव्यांगजनों को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है. इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों के लिए आधिकारिक वेबसाइट erojgar.cg.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य किया गया है.