झीरम घाटी कांड: देवा समेत प्रमुख आरोपियों के नार्को टेस्ट की मांग
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और पूरी सच्चाई उजागर करने को लेकर सियासत और मांगें एक बार फिर तेज हो गई हैं. घटना के प्रत्यक्षदर्शी और पूर्व कांग्रेस नेता अजय सिंह ने मुख्य आरोपी देवा सहित मामले से जुड़े सभी प्रमुख आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने पर जोर दिया है.
उन्होंने कहा कि देवा की कथित भूमिका सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने एनआईए कोर्ट के हालिया फैसले पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि हमले में भारी हथियारों का प्रयोग हुआ था, ऐसे में महज 10 लोगों को कसूरवार ठहराने से न्याय अधूरा रह जाता है.
इस मामले में बीजापुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने भी निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती जांच में सामने आए संदिग्धों की भूमिका की दोबारा सही तरीके से पड़ताल नहीं की गई.
वहीं अजय सिंह ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगते हुए सवाल किया कि अब तक कुल कितने लोगों को आरोपी बनाया गया, कितनों के खिलाफ वारंट जारी हुए और कौन से मुकदमे वापस लिए गए हैं.
नेताओं का स्पष्ट कहना है कि सरकार को उन सभी नामों का सार्वजनिक ब्योरा देना चाहिए जिन पर कार्रवाई हुई है या जिनकी जांच अभी लंबित है, ताकि पीड़ितों को सही मायने में न्याय मिल सके.