झीरम घाटी शहीद स्मारक बना असमाजिक तत्वों का अड्डा
झीरम घाटी शहीद स्मारक की हलत खस्ता, बना असमाजिक तत्वों का अड्डा
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में 25 मई 2013 के दिन को कांग्रेस हर साल काला दिवस के रूप में मनाती है. इस दिन नक्सलियों ने देश के सबसे बड़े राजनीतिक हमले को अंजाम दिया था. जिसे झीरम घाटी हत्याकांड के नाम से जाना जाता है.
इस हत्याकांड में तत्कालीन छत्तीसगढ़ पीसीसी अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा और कई दिग्गज कांग्रेस नेताओं समेत 31 लोग मारे गए थे.
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद झीरम हमले में मारे गए कांग्रेसियों की याद में लाखों रुपए खर्च कर जगदलपुर के लालबाग में झीरम मेमोरियल शहीद स्मारक बनाया गया.
साल 2022 में बना यह शहीद स्मारक लापरवाही के चलते असमाजिक तत्वों का अड्डा बना गया है.
आलम यह है कि चोरों ने शहीद स्मारक को भी नहीं छोड़ा और यहां लगे सभी लाइट्स और शहीदों के कीमती नेम प्लेट के साथ ही बिजली के तार भी उखाड़ दिये हैं.
स्मारक में तोड़फोड़ भी की गई है. हालांकि असामाजिक तत्वों ने प्रतिमाओं को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन लाखों रुपए की लागत से बनाया गया यह शहीद स्मारक देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो चुका है.
वहीं इस शहीद स्मारक की बदहाली पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप भी शुरू हो चुका है.
बदहाली की आंसू बहा रहा शहीद स्मारक
साल 2022 में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करीब 80 लाख रुपए की लागत से बने झीरम घाटी मेमोरियल शहीद स्मारक का लोकार्पण किया था.
इस दौरान अपने दिवंगत नेताओं को याद कर पूर्व मुख्यमंत्री भावुक हो उठे थे. अब आलम यह है कि महज 3 साल में ही यह शहीद स्मारक खुद अपनी बदहाली में आंसू बहा रहा है.
शहीद स्मारक के अंदर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ मचाई है. इसके अलावा बिजली कनेक्शन की वायर भी चोर ले उड़े.
इसका खुलासा तब हुआ जब कुछ पर्यटक झीरम घाटी शहीद स्मारक को देखने पहुंचे.
कांग्रेस ने भाजपा नेताओ पर लगाया आरोप
झीरम मेमोरियल शहीद स्मारक की दुर्दशा को देखकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने कहा कि शहीदों का सम्मान किसी भी सरकार के तहत होना चाहिए.
पर वर्तमान में जो ट्रिपल इंजन की सरकार है, वह शहीदों का सम्मान करने में पूरी तरह से नाकाम रही है. कांग्रेस के कार्यकाल में यहां पर एक गार्ड की तैनाती होती थी.
साथ ही स्मारक के अंदर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे.
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद शहीदों का अपमान किया गया और शहीद स्मारक को बदहाली की हालत में छोड़ दिया गया.
उन्होंने कहा कि यही वजह है कि ये जगह असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गयी है. जावेद खान ने बताया कि झीरम स्मारक की वर्तमान हालात को लेकर कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है.
शहीद स्मारक की इस हालत को लेकर जो भी जिम्मेदार है उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गयी है.
झीरम शहीद स्मारक निर्माण में कांग्रेसियों ने किया भ्रष्टाचार
कांग्रेस प्रवक्ता के बयान को लेकर पलटवार करते हुए जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में अपने नेताओं के शहीद स्मारक निर्माण में भ्रष्टाचार किया था.
रद्दी क्वालिटी के पीवीसी लगाए गए थे. जो 6 महीने में ही उखड़ने लगे. इस घटिया निर्माण की जांच के लिए भाजपा ने निगम आयुक्त और लोक निर्माण विभाग अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा था.
महापौर ने कहा कि निश्चित तौर पर असामाजिक तत्वों के द्वारा जिस तरह से स्मारक में तोड़फोड़ की गई है, यह शहीदों का अपमान है.
उनके द्वारा कोतवाली में शिकायत दर्ज कर ऐसे असामाजिक तत्वों को पकड़कर उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा लगाये जाए संबंध में शिकायत दी गई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गौरतलब है कि जिस जगह झीरम घाटी में मारे गए कांग्रेसियों की याद में शहीद स्मारक बनाया गया है.
वह शहर का वीआईपी क्षेत्र कहलाता है. आईजी और कमिश्नर के बंगले के सामने बने स्मारक में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की है.
चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
अब इस मामले में शिकायत मिलने के बाद कोतवाली के थाना प्रभारी शिवानंद सिंह ने जल्द ही इसकी जांच कर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों को पकड़ कर कार्रवाई करने की बात कही है.