सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

झारखंड: जंगल से मिला नवजात का कटा सिर! नरबलि की आशंका

C

CG Khabar

01 नव. 2025, 06:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 16

नरबलि सांकेतिक फोटो
नरबलि सांकेतिक फोटो

रांची । डेस्क: झारखंड के पलामू जिले में एक जंगल से नवजात शिशु का कटा हुआ सिर मिला है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है, लेकिन बहुत तलाश के बाद भी बच्चे का धड़ नहीं मिल पाया है. 


आशंका जताई जा रही है कि नवजात की हत्या नरबलि के उद्देश्य से की गई हो सकती है.

विज्ञापन


इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को पलामू के हनुमान नगर के पास एक जंगल में हुई. 


स्थानीय लोगों ने एक कुत्ते को कटे हुए सिर को मुंह में दबाकर जंगल से निकलते देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. 


तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिर को बरामद कर लिया, लेकिन आसपास के पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाने के बावजूद शिशु का धड़ कहीं नहीं मिला.


पुलिस के अनुसार, बरामद सिर को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि नवजात की उम्र तीन से पाँच दिन के बीच थी.


टाउन थाना के जांच अधिकारी बालकृष्ण उरांव ने बताया, "हमें केवल सिर मिला है. ऐसा प्रतीत होता है कि इसे सफाई से और किसी कुशल हाथ से काटा गया है." 

उन्होंने यह भी बताया कि जिस जगह सिर मिला है, वह एक कब्रिस्तान के पास स्थित है, इसलिए यह संभव है कि कुत्ते ने मिट्टी खोदकर सिर को निकाला हो.


पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक तौर पर पुलिस नरबलि के उद्देश्य से हत्या की आशंका जता रही है. पुलिस अब यह जानने के लिए आस-पास के अस्पतालों से संपर्क कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में इस क्षेत्र में कितने बच्चों का जन्म हुआ है. (AI Generated symbolic photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP