झारखंड शराब घोटाले में छत्तीसगढ़ से गिरफ्तारी
रांची । डेस्क: झारखंड में शराब घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनपावर आपूर्ति कंपनी सुमित फैसिलिटीज के निदेशक अमित प्रभाकर सलौंकी को गिरफ्तार किया है. यह इस मामले में 11वीं गिरफ्तारी है.
सलौंकी छत्तीसगढ़ के प्रमुख शराब कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया के करीबी माने जाते हैं. उन पर झारखंड में खुदरा शराब दुकानों के लिये मैनपावर आपूर्ति के ठेके में गबन का आरोप है.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, सलौंकी को बुधवार को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया.
जांच में पता चला कि मई 2022 में जब झारखंड में नई उत्पाद नीति लागू की गई थी, तब छत्तीसगढ़ राज्य म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीएसएमसीएल) के तत्कालीन प्रबंध निदेशक अरुण पति त्रिपाठी और उत्पाद विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे ने सुमित फैसिलिटीज समेत अन्य एजेंसियों को ठेका दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
आरोप है कि सिद्धार्थ सिंघानिया के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की चार मैनपावर एजेंसियों सुमित फैसिलिटीज, एटूजेड इंफ्रा सर्विसेज, इगल हंटर सोल्यूशंस, और प्राइम वन वर्क फोर्स ने झारखंड में शराब दुकानों के लिए मैनपावर आपूर्ति का ठेका हासिल किया था.
ये एजेंसियां केवल आठ महीने तक काम कर पाईं, जिसके बाद गबन के आरोप में इन्हें हटा दिया गया और बाद में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया. उत्पाद विभाग ने इन पर लगभग 450 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाया है, जिसका मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है.
इससे पहले, एसीबी ने इस घोटाले में विनय कुमार चौबे, गजेंद्र सिंह, सुधीर कुमार दास, सुधीर कुमार, अमित प्रकाश, नीरज कुमार सिंह, सिद्धार्थ सिंघानिया, विधु गुप्ता, अतुल कुमार सिंह और मुकेश मनचंदा को गिरफ्तार किया था.
इनमें से नौ आरोपी वर्तमान में रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि गजेंद्र सिंह जमानत पर रिहा हैं.