शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

झारखंड: JPSC की परीक्षाएं रद्द, छात्र आज करेंगे विधानसभा का घेराव

C

CG Khabar

09 अग. 2026, 06:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 10

झारखंड छात्र धरना
झारखंड छात्र धरना

रांची । डेस्क: झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के दबाव के आगे झुकते हुए राज्य सरकार ने रविवार को बड़ा फैसला लिया है. सरकार और प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों के बीच करीब छह घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद सरकार ने 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा और वर्ष 2023 व 2025 में आयोजित JPSC बैकलॉग परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति जता दी है. 


इस फैसले से पहले JPSC के तीनों सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों को पूरी पारदर्शिता के साथ न्याय का भरोसा दिलाया है.

विज्ञापन


सरकार की ओर से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि छात्र प्रतिनिधियों के साथ वार्ता सकारात्मक रही और सरकार ने उनकी 98 प्रतिशत मांगों को स्वीकार कर लिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा धांधली से जुड़े मामलों के जल्द निपटारे के लिए एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाया जाएगा, जो 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करेगी. 


इसके अलावा, राज्य में पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और सुधारों का सुझाव देने के लिए आईआईटी-आईएसएम धनबाद, आईआईएम रांची और एक्सएलआरआई जमशेदपुर के विशेषज्ञों की एक समिति भी गठित की जाएगी.


हालांकि, 14वीं JPSC रद्द होने के बावजूद छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) और JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेतृत्व में छात्र JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग पर अड़े हुए हैं. 


मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि JSSC-CGL परीक्षा हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत हुई थी, इसलिए राज्य सरकार सीधे सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं कर सकती. इसके बजाय सरकार ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच और सीआईडी (CID) के जरिए आपराधिक पहलुओं की जांच कराने का प्रस्ताव रखा है.


छात्र प्रतिनिधियों ने सरकार के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है. छात्र नेता पीयूष कुमार का कहना है कि वे पहले परीक्षा को रद्द करना चाहते हैं और उसके बाद ही जांच की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए. समय सीमा पर अस्पष्टता और अन्य मांगों पर बात न बनने के कारण छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. 


जयपुर सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे अभ्यर्थियों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करने की पूरी तैयारी कर ली है. राज्यभर से छात्रों का रांची पहुंचना जारी है, जबकि देवेंद्र महतो समेत पांच अभ्यर्थियों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आठवें दिन में प्रवेश कर गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP