जेडी वेंस ने ईरान के साथ वार्ता विफल होने की घोषणा की
इस्लामाबाद । डेस्क: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच पाकिस्तान में हुई 21 घंटे की मैराथन वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई है. एक संक्षिप्त संवाददाता सम्मेलन में वेंस ने स्पष्ट किया कि ईरान ने वाशिंगटन की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद उन्होंने इसे अमेरिका का "अंतिम और सर्वोत्तम प्रस्ताव" बताते हुए इस्लामाबाद छोड़ दिया.
दूसरी ओर, ईरानी सूत्रों और समाचार एजेंसी 'फार्स' का दावा है कि अमेरिका केवल बातचीत की मेज से हटने का बहाना ढूंढ रहा था और अपनी अंतरराष्ट्रीय साख बचाने के लिए यह दिखावा कर रहा था.
ईरान ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि फिलहाल अगले दौर की बातचीत की कोई योजना नहीं है और अब गेंद अमेरिका के पाले में है.
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि 40 दिनों के युद्ध के बाद अविश्वास के माहौल में एक ही बैठक में समझौते की उम्मीद करना तर्कहीन था.
वहीं, ईरानी मीडिया 'तसनीम' ने सूत्रों के हवाले से चेतावनी दी है कि जब तक अमेरिका वास्तविकता को स्वीकार नहीं करता, हॉर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति नहीं बदलेगी.
इस बीच, पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने दोनों पक्षों से संघर्षविराम बनाए रखने की अपील की है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वार्ता के परिणाम चाहे जो भी हों, अमेरिका ने ईरान पर युद्ध जीत लिया है. क्षेत्र में तनाव बरकरार है क्योंकि इजरायल द्वारा दक्षिणी लेबनान पर हमले जारी हैं, जिसमें ताजा हमलों में कम से कम 13 लोगों की जान चली गई है.