जशपुर: बेटी को परेशान करने से रोका तो महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर में एकतरफा प्यार में अंधी सनक के चलते महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में हुई इस वारदात में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पड़ोसी राज्य झारखंड के रायडीह से दबोच लिया है. पकड़े गए आरोपी का नाम अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) है, जो कि पास के ही कोमडो गांव का निवासी है.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी (टांगिया) भी बरामद कर ली है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
दरअसल, यह पूरा मामला 3 सितंबर का है, जब मृतका धनमनी बाई (55 वर्ष) अपने घर में अकेली थीं. उनके 63 वर्षीय पति मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए हुए थे. जब वे शाम करीब 6 बजे लौटे, तो उन्होंने घर के भीतर अपनी पत्नी का लहूलुहान शव जमीन पर पड़ा देखा.
महिला के चेहरे के दाहिने तरफ किसी धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. इसके बाद पति ने तुरंत परिजनों और आस्ता थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर अहम साक्ष्य जुटाए. जब स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ की गई, तो सामने आया कि वारदात से कुछ दिन पहले आरोपी अवधेश राम का मृतका के घर पर विवाद हुआ था. पुलिस की जांच में यह बात खुलकर आई कि आरोपी मृतका की बेटी से बातचीत करना चाहता था और उससे एकतरफा प्यार करता था.
हालांकि, युवती ने उससे किसी भी तरह का संबंध रखने से साफ मना कर दिया था. इसके बावजूद आरोपी बाज नहीं आ रहा था, जिस पर मृतका धनमनी बाई ने सख्त आपत्ति जताते हुए उसे अपनी बेटी से दूर रहने और परेशान न करने की सख्त हिदायत दी थी.
इसी बात का खौफनाक बदला लेने के लिए आरोपी घटना के दिन महिला के घर में घुसा और कहासुनी के बाद गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गया था. जब पुलिस की टीम उसके गृह ग्राम कोमडो पहुंची, तो वह अपने ठिकाने से नदारद मिला. इसके बाद साइबर और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे उसके झारखंड के रायडीह में छिपे होने का पता चला.
जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने तुरंत रायडीह में दबिश देकर अवधेश राम को धर दबोचा. आस्ता लाकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त करते हुए आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.