जशपुर: बच्चों पर मंडराया शुगर का खतरा
जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के वनांचल और ग्रामीण परिवेश के लिए मशहूर जशपुर जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है, जहां अब तक 15 बच्चों में बाल मधुमेह (ज्विनाइल डायबिटीज) की पुष्टि हो चुकी है. आमतौर पर शहरी और सुस्त जीवनशैली से जुड़ी मानी जाने वाली यह बीमारी अब खेत-खलिहानों और मजदूरी करने वाले परिवारों के बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रही है.
राहत की बात यह है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और अब गांव के उप स्वास्थ्य केंद्रों में ही बच्चों की प्राथमिक शुगर जांच अनिवार्य कर दी गई है.
इस बीमारी के पीछे के चिकित्सकीय कारणों को साझा करते हुए गैर संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. पूजा प्रधान ने बताया कि बाल मधुमेह (टाइप-1 डायबिटीज) अक्सर शरीर में होने वाले ऑटोइम्यून रिएक्शन की वजह से होता है. इसमें हमारा रोग प्रतिरोधक तंत्र अनजाने में अग्नाशय (पैनक्रियाज) की उन बीटा कोशिकाओं को खत्म कर देता है जो इंसुलिन बनाती हैं.
इसके रुकते ही शरीर में इंसुलिन बनना बंद हो जाता है. इसके अलावा, यदि परिवार में पहले से ही किसी को टाइप-1 डायबिटीज रही हो, तो भी आनुवांशिक तौर पर बच्चों में इसका खतरा काफी बढ़ जाता है. हालांकि, जशपुर में मिले कई मामलों में यह बीमारी आनुवांशिक नहीं पाई गई है, जो विशेषज्ञों के लिए भी शोध का विषय है.
सरकारी स्तर पर बच्चों को इस बीमारी से बचाने और उन्हें सामान्य जिंदगी देने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. जिला चिकित्सालय में विशेष रूप से एक डेडिकेटेड क्लीनिक की शुरुआत की गई है, जहां प्रत्येक बुधवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा इन बच्चों का विशेष परीक्षण किया जाता है.
जिन पीड़ित बच्चों को नियमित तौर पर इंसुलिन की आवश्यकता होती है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मुफ्त दवाइयां, इंसुलिन, सिरिंज और घर पर शुगर जांचने के लिए ग्लूकोमीटर जैसी जरूरी चीजें पूरी तरह निशुल्क मुहैया कराई जा रही हैं.
डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों में दिखने वाले शुरुआती संकेतों को कतई नजरअंदाज न करें. यदि किसी बच्चे को अचानक बहुत अधिक प्यास लगने लगे, वह बार-बार पेशाब जाने की शिकायत करे, बिना वजह उसका वजन तेजी से घटने लगे या वह लगातार सुस्त और थका हुआ महसूस करे, तो यह बाल मधुमेह के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं.
ऐसी स्थिति में माता-पिता को तुरंत बिना देरी किए अपने सबसे नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल जाकर बच्चे की ब्लड शुगर जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके. File Photo.