जशपुर : कलेक्टोरेट में किसान कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
जशपुर । संवाददाता: जशपुरनगर में खरीफ सीजन की शुरुआत से ठीक पहले कृषि क्षेत्र में गंभीर संकट खड़ा हो गया है. खाद, बीज और डीजल की भारी किल्लत से नाराज किसानों ने सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. किसान कांग्रेस के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टोरेट का घेराव किया.
किसान कांग्रेस प्रभारी दीपक मिश्रा की अगुवाई में सौंपे गए मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्रीय ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि खेती-किसानी से जुड़ी इन बुनियादी समस्याओं का तुरंत निराकरण नहीं हुआ, तो यह आक्रोश प्रदेश के हर गांव तक फैलेगा और एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कृषि क्षेत्र की वर्तमान सरकारी नीतियों पर तीखा प्रहार किया. नेताओं ने कहा कि पांच एकड़ से अधिक जमीन वाले कृषकों को तीन किश्तों में खाद देने की व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई है.
इसके अलावा, प्रति एकड़ महज एक बोरी खाद देने के नियम को 'तुगलकी फरमान' बताते हुए उन्होंने कहा कि खेती प्रशासनिक फॉर्मूले से नहीं, बल्कि जमीन की उर्वरता और फसल की आवश्यकता से तय होती है. इस सीमा से उत्पादन पर सीधा बुरा असर पड़ेगा.
किसानों ने टोकन व्यवस्था को तुरंत समाप्त कर एकमुश्त खाद वितरण सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही पेट्रोल पंपों पर सिर्फ ट्रैक्टर ले जाने पर ही सीमित मात्रा में डीजल मिलने की बाध्यता को भी फिजूल का खर्च बढ़ाने वाला बताया गया.
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सोसायटियों और दुकानों पर सुबह से शाम तक कतारों में खड़े रहने के बाद भी आम किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जबकि रसूखदारों को आसानी से खाद मिल रही है. इस कमी का फायदा उठाकर निजी बाजारों में खाद की जमकर कालाबाजारी और जमाखोरी हो रही है, जिससे किसानों को तय दरों से अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है.
आर्थिक मोर्चे पर राहत की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की ऋण सीमा को बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने और प्रदेश में कर्जमाफी योजना को दोबारा प्रभावी ढंग से लागू करने की आवाज उठाई.
धान खरीदी व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग के साथ ही बोनस और समर्थन मूल्य की पूरी राशि का एकमुश्त व समय पर भुगतान करने की भी बात कही गई, ताकि किसानों को आर्थिक तंगी से न जूझना पड़े.
इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाने और कृषि बिजली दरों में कटौती करने की मांग की गई, क्योंकि सिंचाई के मुख्य समय पर घंटों बिजली गुल रहने से फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है.