जशपुर: पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने स्मार्ट मीटर पर सरकार को घेरा
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में बिजली की बढ़ती कीमतों और स्मार्ट मीटर योजना को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल ने आम जनता पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में बिजली दरों में महज 2 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी, वहीं मौजूदा सरकार ने अपने ढाई साल के सफर में ही इसे करीब 60 पैसे तक बढ़ा दिया है.
स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस विधायक ने इसे तत्काल बंद करने की मांग की. उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की भाजपा सरकार भी तकनीकी खामियों के चलते इस योजना को वापस ले चुकी है, जिससे यह साफ है कि इन मीटरों में गड़बड़ी है.
पूरे प्रदेश से उपभोक्ता लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है. उमेश पटेल ने सुझाव दिया कि सरकार को आम जनता की जेब पर डाका डालने के बजाय उद्योगपतियों और विभिन्न सरकारी विभागों पर बकाया 20 हजार करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली करनी चाहिए, जिसका जिक्र खुद सरकार ने विधानसभा में किया था.
बिजली संकट के अलावा उमेश पटेल ने जशपुर के स्थानीय मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया. जिले में हो रहे हवाई सर्वे पर अचरज जताते हुए उन्होंने कहा कि इस गोपनीय सर्वे के पीछे का मकसद क्या है, यह किसी को नहीं पता. कांग्रेस इस रहस्यमयी सर्वे का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में उठाएगी.
इसके साथ ही उन्होंने नेशनल मेडिकल काउंसिल द्वारा जशपुर के प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को मान्यता न दिए जाने पर भी निराशा जताई.
विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की वकालत करते हुए उन्होंने तंज कसा कि जिस जिले में पिछले 15 सालों से राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पूरा नहीं हो सका, वहां नई स्वीकृत हुई लोहरदगा-धरमजयगढ़ रेल लाइन का भविष्य क्या होगा, यह देखने वाली बात होगी.
हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा इस रेल परियोजना को दी गई मंजूरी का स्वागत किया और राज्य सरकार को आने वाले महीनों में मानसून की अनिश्चितता से पैदा होने वाले संभावित ऊर्जा व संकट से निपटने के लिए अभी से सतर्क रहने की सलाह दी.