जशपुर: 520 KG के गांजे के साथ महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने तस्करों के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर की गई ताबड़तोड़ घेराबंदी में पुलिस ने 520 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन जब्त किए हैं.
बरामद गांजे और वाहनों का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ रुपये आंका गया है. पुलिस ने मौके से एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा.
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है. शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा की सीमा से लाकर उत्तर प्रदेश के बाजार में खपाने की योजना थी.
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश करने के साथ-साथ इस अंतर्राज्यीय सप्लाई चेन के मुख्य सप्लायरों और संभावित खरीदारों के नेटवर्क को खंगाल रही है.
कार्रवाई की कड़ी में 27 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे कुनकुरी पुलिस की गश्त टीम ने तपकरा मार्ग से आ रही एक संदिग्ध बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली. वाहन में सब्जियों की प्लास्टिक ट्रे के नीचे छिपाकर रखी गई 6 बोरियों से पीले टेप से लिपटे 120 पैकेटों में 246 किलो गांजा बरामद हुआ.
पिकअप सवार बिहार निवासी अनवर अंसारी और दिनेश कुमार केसरी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.
इसी दौरान कुनकुरी क्षेत्र में ही तेज गति से भाग रही एक सोल्ड सेल्टोस कार का पीछा करने पर चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर भाग निकला, जिसकी तलाशी लेने पर 20 बैगों में रखा 248 किलो गांजा और कार जब्त की गई.
इसके अलावा, नारायणपुर थाना पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नारायणपुर चौक पर नाकेबंदी की और मध्यप्रदेश पासिंग स्विफ्ट डिजायर कार को रोका. कार की डिक्की की जांच करने पर 17 पैकेटों में भरा 26 किलो गांजा बरामद किया गया.
इस कार्रवाई में कार सवार मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी कमल किशोर ओझा और अनिता सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया. तीनों मामलों में जब्त वाहनों की कीमत लगभग 40 लाख रुपये और बरामद मादक पदार्थ का बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताया गया है.