जशपुर में बिना हेलमेट दफ्तर पहुंचे 28 कर्मियों का चालान कटा
जशपुर । डेस्क: जशपुरनगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम जनता को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की अगुवाई में हाल ही में आयोजित हेलमेट रैली और जागरूकता अभियान के बावजूद सरकारी अमले में नियमों के प्रति लापरवाही देखने को मिली.
इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने सोमवार से सघन जांच अभियान की शुरुआत की, जिसकी जद में सबसे पहले शासकीय कर्मचारी ही आए.
कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर की गई औचक चेकिंग के दौरान 28 ऐसे कर्मचारी पकड़े गए जो बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाकर दफ्तर पहुंचे थे. नियमों का उल्लंघन करने वाले इन सभी कर्मियों का मौके पर ही 500-500 रुपये का चालान काटकर कुल 14 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया.
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों के पालन में किसी भी स्तर पर रियायत नहीं दी जाएगी और सरकारी अधिकारियों व पुलिस जवानों के लिए भी हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है.
अधिकारियों का मानना है कि आम जनता को प्रेरित करने के लिए पहले सरकारी तंत्र को खुद एक आदर्श उदाहरण पेश करना होगा.
चेतावनी दी गई है कि यदि कोई कर्मचारी दोबारा यातायात नियमों को तोड़ता पाया जाता है, तो उस पर जुर्माना भरने के साथ-साथ आदेशों की अवहेलना के तहत विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है.
फिलहाल यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी इसी तरह की आकस्मिक जांच की जाएगी.