जशपुर: बिजली का पोल बदलते सम करंट लगने से 2 मजदूरों की मौत, 4 घायल
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो मजदूरों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना मंगलवार को पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पकारगांव में उस समय हुई, जब एक निजी ठेकेदार के मजदूर बिजली का खंभा शिफ्ट करने का काम कर रहे थे.
पत्थलगांव के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा लगाए गए सात मजदूर बिजली सप्लाई बंद किए बिना ही पोल को स्थानांतरित कर रहे थे.
इसी दौरान पोल चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे मजदूर तेज करंट की चपेट में आ गए.
हादसे में रायगढ़ जिले के निवासी अलेख एक्का (28) और गरियाबंद जिले के निवासी तोमन ध्रुव (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घायल हुए चार अन्य मजदूरों को तुरंत पत्थलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद गुस्साए मजदूरों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार ने पावर शटडाउन (बिजली बंद करने की अनुमति) लिए बिना ही जोखिम भरा काम करने के लिए कहा था.
मामले पर विद्युत विभाग पत्थलगांव के सहायक अभियंता के. के. देशमुख ने बताया कि ठेकेदार ने काम शुरू करने से पहले संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) को न तो कोई सूचना दी थी और न ही शटडाउन परमिट लिया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभाग का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.