जांजगीर: मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन बुजुर्गो की वाहन से कुचलकर मौत
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह की सैर पर निकले तीन बुजुर्गों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में तीनों बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डोंगरी-कोरबी गांव के पास भारतमाला रोड पर हुई.
डोंगरी-कोरबी गांव के रहने वाले दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेठ (52) और संतु यादव (70) रोजाना की तरह सुबह की सैर के लिए निकले थे. जब वे अपने घर से करीब 2 किलोमीटर दूर पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों के शव सड़क पर अलग-अलग जगहों पर बिखर गए.
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक दिलहरण दास वैष्णव एक सहकारी समिति के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक (रिटायर्ड ब्रांच मैनेजर) थे, जबकि केदार बरेठ और संतु यादव पेशे से किसान थे. ये तीनों पिछले कई वर्षों से गहरे दोस्त थे और हर सुबह नियम से एक साथ टहलने जाया करते थे.
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी ड्राइवर और वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस घटना स्थल के आस-पास के इलाकों और भारतमाला रोड पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है.