मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

जांजगीर: थार ने स्कूटी को मारी टक्कर, भाई-बहन की दर्दनाक मौत

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 01:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 21

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हुए एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की असमय जान चली गई. बलौदा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम जावलपुर के पास एक बेकाबू थार कार ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दोनों युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने थार चालक संस्कार को हिरासत में ले लिया है और उसकी गाड़ी (CG 10 BM 7214) को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. 

विज्ञापन


सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त कापन की रहने वाली 20 वर्षीय खुशी कश्यप और दहकोनी निवासी 25 वर्षीय विनोद कौशिक के रूप में हुई है. बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों के शव उनके रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिए गए.


यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई-बहन अपने मामा के घर जावलपुर में एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे. खुशी मंगलवार शाम को ही अपने भाई विनोद के घर दहकोनी पहुंची थी, जिसके बाद वे दोनों स्कूटी पर सवार होकर निकले थे. 


जैसे ही वे जावलपुर गांव के करीब पहुंचे, बलौदा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार थार कार के चालक ने अचानक गाड़ी को विपरीत दिशा में मोड़ते हुए स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई-बहन उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे. सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP