जांजगीर: फर्जी लोन लेटर देकर 10.87 लाख की ठगी, शातिर इंदौर से गिरफ्तार
जांजगीर । संवाददाता: मध्य प्रदेश के इंदौर से जांजगीर-चांपा पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी कुलदीप वशिष्ठ को धर दबोचा है. पकड़ा गया आरोपी फर्जी यूको बैंक लोन स्वीकृति पत्र, नकली मुहरों और जाली हस्ताक्षरों के जरिये भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाता था.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाई, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
ठगी का यह मामला चांपा के शिवनगर निवासी आशुतोष अग्रवाल की शिकायत के बाद सामने आया. पीड़ित के मुताबिक, वर्ष 2022 में अखबार में छपे एक विज्ञापन के माध्यम से उसकी मुलाकात कुलदीप से हुई थी. आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों में विशेषज्ञ बताकर यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया था.
विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने आशुतोष को फर्जी स्वीकृति पत्र और फर्जी कागजात सौंप दिए. इसके बदले फिक्स्ड डिपॉजिट और प्रोसेसिंग फीस का बहाना बनाकर उसने कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये ऐंठ लिए.
पीड़ित ने यह रकम नकद, ऑनलाइन पेमेंट ऐप और आरटीजीएस के जरिये अलग-अलग किश्तों में जमा की थी. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बैंक खाते में लोन की रकम नहीं आई, तब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की भनक लगी और उसने पुलिस की शरण ली.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की डिजिटल लोकेशन ट्रेस की, जो इंदौर में पाई गई. तुरंत एक टीम गठित कर मध्य प्रदेश में दबिश दी गई और आरोपी को दबोच लिया गया. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है.