प्रताड़ना गृह में तब्दील छत्तीसगढ़ की जेलों में ठसाठस भरे कैदी
छत्तीसगढ़ की जेलों में बंद क्षमता से अधिक बंदी, सुधार गृह बन रहे प्रताड़ना गृह
रायपुर | ममता मानकर/ अमरेन्द्र सिंहः जमानत नियम है, जेल अपवाद है. ये किसी और का नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट संदेश है.
लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी कहती है. देश की जेलें ठसाठस भरी हुई हैं.
छत्तीसगढ़ की एक जेल में 31 लोगों की जगह है और वहां 376 लोग बंद हैं. ठसाठस भरी हुई ये जेलें, सुधार गृह की जगह प्रताड़ना गृह में तब्दील हो चुकी हैं.
जिन्हें जमानत मिल चुकी है, वो भी इस प्रताड़ना गृह में सज़ा काट रहे हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार इस बात पर चिंता जताई है कि जिला अदालतें जमानत देने में आनाकानी कर रही हैं.
छोटे-छोटे मामलों में लोगों को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक दौड़ लगानी पड़ रही है. जो लोग सक्षम नहीं हैं, वो निचली अदालतों के कारण इन जेलों में सड़ते रहते हैं.
भारत में कैदियों के सुधार एवं जेलों में भीड़भाड़ कम करने के उपाय पर आधारित सुप्रीम कोर्ट की 2024 की रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि सत्र न्यायालयों में 32.3% और मजिस्ट्रेट न्यायालयों में 16.2% जमानत आवेदन खारिज कर दिए जाते हैं.
इससे भी भयावह ये है कि देश की जेलों में हज़ारों लोग केवल इसलिए बंद हैं क्योंकि उनकी जमानत की शर्त ऐसी रख दी गई है कि वे उस शर्त को पूरा नहीं कर सकते.
महज 10 और 20 हजार रुपये जमा नहीं कर पाने के कारण लोग सालों-साल जेलों में सड़ते रहते हैं.
इंडिया जस्टिस और नालसा सुप्रीम कोर्ट की रिपोर्ट बताती है कि 31 दिसंबर 2023 तक, देश भर में 24,879 ऐसे आरोपी जेल में बंद थे जिन्हें जमानत तो मिल चुकी थी, लेकिन वो जमानत बांड भरने में असमर्थ थे.
छत्तीसगढ़ में ही 195 ऐसे कैदी थे, जो पैसों के अभाव में जेल में बंद थे, जबकि 50 कैदी ऐसे थे, जिन्हें डिफ़ॉल्ट जमानत दी गई.
यह मुद्दा चर्चा का विषय तब बना जब 26 नवंबर 2022 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान दिवस पर अपने भाषण में जेलों में बंद आदिवासियों की हालत पर भावुक अपील की.
उन्होंने कहा था कि ओवरक्राउडिंग इतनी है कि अब नई जेलें बनानी पड़ रही हैं. पर क्या यही विकास है? जेलें बढ़ानी चाहिए या न्याय तक पहुँच आसान करनी चाहिए?”
राष्ट्रपति ने कहा, “कोई 10 साल से कोई 20 साल से कोई 25 साल से कोई 30 साल से जेल में जिंदगी बिता रहे.
गाँव के लोग सालों साल उनको छुड़ाते नहीं हैं, उसके कारण जो कुछ भी घर पर बचा है- ज़मीन जायजाद, बर्तन सब खत्म हो जाता है.
हम उनको स्किल्ड करा सकते हैं. कुछ बाहर भी नहीं आना चाहते क्योंकि बाहर आके समाज उनको बुरा मानेगा.
कहते हैं आजकल तो और ज्यादा जेल में संख्या बढ़ गई है और बहुत सारा जेल बनाना होगा.
इस पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए मुर्मू ने कहा कि अरे! हम आगे विकास की ओर जा रहें हैं, तो फिर और ज्यादा जेल बनाने की क्या जरूरत? कम करना चाहिए.”
राष्ट्रपति की इस अपील के बाद सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को निर्देश दिया कि ऐसे कैदियों की सूची तैयार कर भेजें जो जमानत के बाद भी जेल में हैं.
लेकिन अभी भी देश भर की जेलें क्षमता से अधिक भरी हुई हैं. इन जेलों को सरकार बंदी सुधार गृह कहती है. लेकिन असल में सुधार की जगह ये जेलें, प्रताड़ना गृह बनी हुई हैं. न बैठने की जगह, न सोने की जगह. न खाने का ठिकाना और ना नहाने का.
जगह कम, कैदी ज़्यादा
गृह विभाग के ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि छत्तीसगढ़ की अधिकांश जेलें ओवरलोडेड हैं. रायपुर सेंट्रल जेल की क्षमता है 1,586, लेकिन वहाँ 3,291 कैदी और बंदी हैं.
यानि दोगुने से भी अधिक. बीजापुर उप-जेल की क्षमता सिर्फ 90 की है, पर यहां 239 लोग बंद हैं. रामानुजगंज जेल की हालत तो और भी बदतर है जहां 31 की जगह 376 बंदी रखे गए हैं.
यह आंकड़े छत्तीसगढ़ की जेलों में क्षमता से अधिक बंदियों की भयावह स्थिति को उजागर करते हैं. छत्तीसगढ़ की जेलें अब सुधार गृह नहीं, बल्कि ओवरलोडेड बैरक बन चुकी हैं.
जिन जेलों में बंदियों की सीमित संख्या के हिसाब से व्यवस्था होनी चाहिए, वहां क्षमता से कई गुना ज़्यादा कैदी ठूस दिए गए हैं.
महासमुंद जिला जेल, जहां सिर्फ 170 कैदियों, बंदियों की जगह है, वहां 498 लोग बंद हैं. यानी क्षमता से करीब तीन गुना ज़्यादा! दंतेवाड़ा जेल की स्थिति भी चिंताजनक है. 350 की जगह 463 लोगों को दंतेवाड़ा जेल में रखा गया है.
सुकमा, जहां की क्षमता है 160, वहां 318 लोग हैं. यानी लगभग दोगुना.
सबसे भयावह स्थिति है रामानुजगंज उप जेल की जहां सिर्फ 31 लोगों को रखने की क्षमता है, वहां 376 लोग बंद हैं.
लेकिन पूरे प्रदेश की तस्वीर देखें, तो अधिकांश जेलों में हालत बद से बदतर है. बिलासपुर हो या अंबिकापुर, राजनांदगांव हो या सारंगढ़, हर जगह जेलें भरी हुई हैं.
बिलासपुर केंद्रीय जेल — क्षमता 2290, बंदी 2830
अम्बिकापुर — क्षमता 1620, बंदी 1850
राजनांदगांव — क्षमता 156, बंदी 368
सारंगढ़ — क्षमता 50, बंदी 147
जेलों की इस भीड़भाड़ में बंदियों के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति और पुनर्वास की बात कहीं खो गई है. ज़ाहिर है, सुधार की सबसे पहली ज़रूरत इन सुधार गृहों को ही है.
सरकार करा रही नयी जेलों का निर्माण
राज्य सरकार का दावा है कि राज्य में नई बैरकों और जेल भवनों का निर्माण किया जा रहा है.
भाटापारा, भानुप्रतापपुर में नए भवन बन चुके हैं, और बेमेतरा में 200 कैदियों की क्षमता वाली खुली जेल का निर्माण भी जारी है.
इसके अलावा 2025-26 के बजट में 5 करोड़ की लागत से रायपुर में विशेष जेल बनाने का प्रावधान भी किया गया है.
लेकिन सवाल यह है कि क्या और जेलें बनाना ही हल है?
विचाराधीन कैदियों को मिले न्याय
सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जब किसी विचाराधीन कैदी को कोर्ट से जमानत मिल जाए, तो जेल अधीक्षक को आदेश की कॉपी ईमेल के ज़रिए उसी दिन या अगले दिन भेजनी होगी.
यदि सात दिन के भीतर रिहाई न हो, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) को सूचित करना अनिवार्य होगा, ताकि पैरालीगल वॉलंटियर या वकील की मदद से कैदी को न्याय मिल सके.
लेकिन छतीसगढ़ के सोनाधर नाम के एक बंदी का केस इसका जीता-जागता उदाहरण है, जो पात्र होते हुए भी तीन साल तक जेल में रहा.
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को ‘नीति रणनीति’का हिस्सा बनाकर मॉनिटर करना शुरू किया था.
विचाराधीन बंदियों के साथ मिलकर काम करने वाले वकीलों और विशेषज्ञों ने भारत में जमानत आदेशों के निष्पादन पर महत्वपूर्ण मुद्दों और मामलों में न्यायालय की पहल में आ रही कमियों की ओर भी इशारा भी किया था.
मानसिक रोगों से ग्रस्त कैदी
जेल की कहानी का एक अहम हिस्सा हैं, यहां के मानसिक बीमार बंदी और कैदी.
छत्तीसगढ़ की जेलों में मानसिक रोगियों की स्थिति का अनुमान आप इससे लगा सकते हैं कि कम से कम 389 बंदी और कैदी ऐसे हैं, जो मानसिक अवसाद के शिकार हैं. लेकिन देश की दूसरे जेलों में तो ऐसी स्थिति नहीं है.
जैसे अब चंडीगढ़ को ही लें. केंद्र सरकार के आंकड़े बताते हैं कि चंडीगढ़ में या लद्दाख में तो एक भी बंदी या कैदी मानसिक अवसाद का पीड़ित नहीं है.
आजादी के दौर में महात्मा गांधी ने कहा था “अपराध एक बीमार दिमाग का परिणाम है और जेल में इलाज और देखभाल के लिए अस्पताल जैसा माहौल होना चाहिए”
लेकिन लगभग 80 साल बाद आज़ाद देश में जेल और बीमार हो चुके हैं.
निर्दोष गरीब सजा काटने को मजबूर
गरीब कैदियों को जमानत दिलाने में मदद करने की सरकार की योजना ठीक से काम नहीं कर रही है.
ज़्यादातर राज्य इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. कागजी कार्रवाई और भ्रम की स्थिति मुख्य समस्या है.
इन बंदियों, कैदियों की मदद करने वाले लोगों की संख्या बेहद कम है. एक बार के लिए लग सकता है कि ये तो वही लोग हैं, जो अपराध कर के इन जेलों में है, इन्हें तो सज़ा मिलनी ही चाहिए.
लेकिन हर व्यक्ति को अपने को निर्दोष साबित करने का अवसर तो मिलना ही चाहिए.
इस देश में जिस तरह लोगों पर अपराध दर्ज किए जाते हैं, उसमें अक्सर गरीब, निर्दोष और हाशिये पर पड़े लोग इन जेलों में बरसों-बरस, कई बार बिना अपराध के ही सज़ा काटते रहते हैं.