जग्गी हत्याकांड में अमित की याचिका पर 20 अप्रैल को होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में अमित अजीत जोगी की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 20 अप्रैल 2026 को सुनवाई होगी.
नई दिल्ली | डेस्क: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में अमित अजीत जोगी की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 20 अप्रैल 2026 को सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के दो आदेशों को एक साथ जोड़ते हुए इस मामले को संयुक्त सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है.
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की ओर से जारी बयान में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं अधिवक्ता भगवाणु नायक ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 25 मार्च 2026 (अपील दायर करने की अनुमति) और 2 अप्रैल 2026 (अपील स्वीकार करने) संबंधी आदेशों को एक साथ जोड़ते हुए 20 अप्रैल को सुनवाई तय की है.
इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संजीव मेहता की पीठ में हुई. सुनवाई के दौरान अमित जोगी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, मुकुल रोहतगी, विवेक तन्खा और सिद्धार्थ दवे उपस्थित हुए.
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के दोनों आदेशों में प्राकृतिक न्याय के मूल सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 6 नवंबर 2025 के आदेश के बावजूद अमित जोगी को सुनवाई का अवसर दिए बिना ही हाईकोर्ट द्वारा आदेश पारित किए गए.
अधिवक्ताओं ने यह भी बताया कि 2 अप्रैल 2026 का हाईकोर्ट का निर्णय, जिसमें पैरा 37 में यह दर्ज है कि आदेश अमित जोगी को सुने बिना पारित किया गया, आज ही सुबह हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किया गया. इस संबंध में रजिस्ट्रार (न्यायिक) ने उनके अधिवक्ता को फोन पर जानकारी दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि अमित जोगी 20 अप्रैल से पहले हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के खिलाफ अपील दाखिल करें, ताकि सभी संबंधित मामलों की उसी दिन संयुक्त रूप से अंतिम सुनवाई की जा सके.
हाईकोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सज़ा
गौरतलब है कि सोमवार को ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है.
इस मामले में वर्ष 2007 में ट्रायल कोर्ट ने अमित जोगी को बरी कर दिया था. हालांकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इस मामले की सुनवाई 1 अप्रैल 2026 से दोबारा शुरू हुई थी, जिसके बाद सोमवार को हाईकोर्ट ने सज़ा का एलान किया.
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति अरविंद वर्मा की स्पेशल डिविज़नल बेंच ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जब सभी अभियुक्तों के खिलाफ समान प्रकार के सबूत मौजूद हों, तो किसी एक को बरी करना और बाकी को उन्हीं सबूतों के आधार पर दोषी ठहराना उचित नहीं है, जब तक कि उसे छोड़ने का कोई ठोस और अलग कारण प्रमाणित न हो.
बेंच ने यह भी कहा कि जब सभी अभियुक्तों पर एक ही अपराध में शामिल होने का आरोप हो, तो किसी एक अभियुक्त के साथ जानबूझकर अलग व्यवहार नहीं किया जा सकता.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित अजीत जोगी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके साथ हुआ गंभीर अन्याय सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुधारा जाएगा.