दंतेश्वरी मंदिर में चोरी का खुलासा, ओडिशा से दबोचा गया चोर
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहाँ बीते 23 जनवरी की रात प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी सुलझा ली गई है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को पड़ोसी राज्य ओडिशा से गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश में पुलिस की 9 विशेष टीमें जुटी हुई थीं.
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था.
घटनाक्रम के अनुसार, शातिर चोर ने मंदिर के पिछले दरवाजे को तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था और देवी-देवताओं के बहुमूल्य सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और शहर भर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया.
पुख्ता सुराग मिलने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने ओडिशा में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा. फिलहाल आरोपी को जगदलपुर लाकर सघन पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी.